बिना काम किए भी हो रही है थकान? कमजोरी नहीं इन बीमारियों का भी हो सकता है संकेत
तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच अगर आप बिना ज्यादा काम किए भी थकान महसूस कर रहे हैं तो इसे हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है. डॉक्टरों का कहना है कि लगातार कमजोरी और थकान कई गंभीर बीमारियों का शुरुआती संकेत हो सकती है.
गर्मी का असर अब मई से ही लोगों की सेहत पर साफ दिखने लगा है. तेज धूप, उमस और लगातार बढ़ती गर्मी शरीर को जल्दी थका देता है. डॉक्टरों के मुताबिक दोपहर 11 बजे से 3 बजे के बीच शरीर पर सबसे ज्यादा गर्मी का असर पड़ता है. ऐसे मौसम में अगर कोई व्यक्ति बार बार थकान, कमजोरी, चक्कर या सांस फूलने जैसी समस्याएं महसूस कर रहा है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
क्यों गर्मीयों में बार बार हो रही है थकान
गर्मियों में शरीर से पसीने के जरिए काफी मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं. अगर समय समय पर पानी नहीं पिया जाए तो शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है. इसके कारण शरीर में कमजोरी, सिर भारी लगना, चक्कर आना और लगातार थकान महसूस होने लगती है. डॉक्टर सलाह देते हैं कि केवल प्यास लगने का इंतजार न करें बल्कि थोड़ी थोड़ी देर में पानी, नारियल पानी और नींबू पानी पीते रहें.
एनीमिया का भी हो सकता है संकेत
अगर हर समय आलस और कमजोरी महसूस हो रही है तो यह एनीमिया यानी खून की कमी का संकेत भी हो सकता है. यह समस्या महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलती है. शरीर में आयरन की कमी होने पर ऑक्सीजन सही तरीके से शरीर तक नहीं पहुंच पाती जिससे इंसान जल्दी थकने लगता है. इसके साथ चेहरे की चमक कम होना, हाथ पैर ठंडे रहना और बार बार चक्कर आना भी आम लक्षण माने जाते हैं. लगातार थकान महसूस होना कई बार टाइप 2 डायबिटीज और हाइपोथायरायडिज्म जैसी गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है. अगर थकान के साथ ज्यादा प्यास लगना, बार बार पेशाब आना या अचानक वजन कम होना जैसी समस्याएं भी दिखें तो तुरंत जांच करानी चाहिए. थायराइड की समस्या होने पर शरीर सुस्त रहने लगता है और इंसान हर समय थका हुआ महसूस करता है.
नींद की कमी की वजह से होती है थकान
आजकल देर रात तक मोबाइल चलाने और कम नींद लेने की आदत भी शरीर को कमजोर बना रही है. अगर कोई व्यक्ति रोजाना 6 से 7 घंटे की अच्छी नींद नहीं लेता तो अगले दिन शरीर थका हुआ महसूस करता है. इसके अलावा मानसिक तनाव और लगातार काम का दबाव भी शरीर की ऊर्जा कम कर देता है.