IPL 2026

बीयर से किडनी स्टोन निकल जाता है? डॉक्टर ने खोल दी सारी सच्चाई

बीयर से किडनी स्टोन नहीं निकलता, बल्कि खतरा बढ़ सकता है. डॉक्टर के अनुसार ज्यादा पानी, नींबू-नारियल पानी, नेचुरल कैल्शियम, मौसमी फल और कुछ अनाज फायदेमंद हैं. नमक, चीनी, चाय-कॉफी और बाहर का खाना कम या अवॉइड करें.

pintrest
Kuldeep Sharma

कई लोग यह मानते हैं कि बीयर पीने से किडनी की पथरी अपने आप निकल जाती है. उन्हें लगता है कि इससे दवाई खाने या सर्जरी कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह बात इतनी फैल गई है कि किडनी स्टोन वाले लोग बीयर को इलाज समझने लगे हैं. लेकिन डॉक्टर प्रशांत जैन के अनुसार यह पूरी तरह गलत धारणा है. आज हम जानेंगे कि बीयर वाकई मदद करती है या नुकसान पहुंचाती है और किडनी स्टोन होने पर डाइट कैसी होनी चाहिए.

पानी पीना सबसे जरूरी

किडनी स्टोन के मरीजों को सबसे पहले रोजाना 2 से 2.5 लीटर सादा पानी पीना चाहिए. कुल तरल पदार्थों का इनटेक 3 से 3.5 लीटर तक रखना बेहतर है. थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहें. इतना पानी पीना चाहिए कि दिनभर में करीब डेढ़ लीटर पेशाब निकले. अच्छी मात्रा में पानी पीने से किडनी साफ रहती है और नई पथरी बनने का खतरा काफी कम हो जाता है.

नींबू पानी और नारियल पानी का फायदा

नींबू पानी और नारियल पानी दोनों किडनी स्टोन के लिए बहुत फायदेमंद हैं. इनमें साइट्रेट नामक तत्व होता है जो पथरी बनने की प्रक्रिया को रोकता है. नारियल पानी विशेष रूप से अच्छा है क्योंकि यह कैल्शियम को ऑक्सलेट से जुड़ने नहीं देता. डॉक्टर सलाह देते हैं कि रोजाना इनका सेवन करें तो स्टोन की समस्या में काफी राहत मिल सकती है.

नेचुरल कैल्शियम जरूर लें

दूध, दही, लस्सी, पनीर और छाछ जैसी चीजें नियमित रूप से खानी चाहिए. यह गलतफहमी है कि कैल्शियम खाने से स्टोन बनता है. नेचुरल कैल्शियम शरीर के लिए बहुत जरूरी है. अगर शरीर को पर्याप्त कैल्शियम नहीं मिलता तो वह हड्डियों से कैल्शियम निकालकर खून में भेजता है, जिससे स्टोन बनने का खतरा बढ़ जाता है.

फल, सब्जी और अनाज चुनें

मौसमी फल जैसे तरबूज, खरबूजा और खीरा खाएं क्योंकि इनमें पानी की मात्रा ज्यादा होती है. ब्रॉकली भी अच्छी है क्योंकि इसमें पोटैशियम होता है जो स्टोन बनने से बचाता है. जौ को भिगोकर उसका पानी पी सकते हैं या जौ की रोटी खा सकते हैं. रागी, बाजरा और ब्राउन राइस को अपनी डाइट में शामिल करें.

किन चीजों को कम करना चाहिए

नमक और चीनी दोनों की मात्रा कम कर दें. चाय और कॉफी भी सीमित मात्रा में पिएं क्योंकि इनमें ऑक्सलेट ज्यादा होता है. गेहूं का आटा, सफेद चावल, पालक, बैंगन और ड्राई फ्रूट्स को कम खाएं. नॉन-वेज भी कम करें. इन चीजों को पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है, लेकिन बार-बार और ज्यादा मात्रा में न खाएं.

किन चीजों से पूरी तरह बचें

बाहर का तला-भुना, मसालेदार और तेल वाला खाना बिल्कुल न खाएं. रेड मीट से दूर रहें. ये चीजें न सिर्फ स्टोन बनाने का खतरा बढ़ाती हैं बल्कि पेट की समस्याएं भी पैदा कर सकती हैं. डिहाइड्रेशन होने पर स्टोन का खतरा और बढ़ जाता है. 

बीयर पीने का सच

बीयर पीने से पथरी निकल जाती है, यह बिल्कुल गलत धारणा है. बीयर डाइयूरेटिक है लेकिन इसमें प्यूरिन और ऑक्सलेट होते हैं जो स्टोन बनने का खतरा बढ़ाते हैं. यह शरीर को डिहाइड्रेट भी करती है. लंबे समय तक बीयर पीने से मोटापा बढ़ता है जो आगे चलकर डायबिटीज और अन्य बीमारियां पैदा कर सकता है. इसलिए बीयर बिल्कुल न पिएं.