menu-icon
India Daily

हनी सिंह के कॉन्सर्ट में मचा हंगामा, फैंस और स्टाफ के बीच हुई जबरदस्त मारपीट; वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

दिल्ली में हुए हनी सिंह के कॉन्सर्ट के दौरान फैंस और स्पॉन्सर स्टाफ के बीच जोरदार मारपीट हो गई. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हालात बिगड़ते देख पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा.

babli
Edited By: Babli Rautela
हनी सिंह के कॉन्सर्ट में मचा हंगामा, फैंस और स्टाफ के बीच हुई जबरदस्त मारपीट; वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप
Courtesy: Instagram

मुंबई: मशहूर सिंगर और रैपर हनी सिंह ने 14 मार्च को दिल्ली में अपने माई चैप्टर इंडिया टूर की शुरुआत की है. यह कॉन्सर्ट इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया था जहां हजारों की संख्या में फैंस पहुंचे थे. कॉन्सर्ट के दौरान हनी सिंह ने अपने कई सुपरहिट गाने गाए. उनके प्रदर्शन को देखने के लिए आए दर्शक काफी उत्साहित नजर आए. कॉन्सर्ट में देसी कलाकार, ब्लू आइज, सनी सनी, लुंगी डांस, मिलियनेयर, डोपे शोपे और ब्राउन रंग जैसे लोकप्रिय गानों पर दर्शकों ने जमकर एंजॉय किया. लेकिन इसी बीच एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल दिया.

कॉन्सर्ट के दौरान अचानक फैंस और शो की स्पॉन्सर टीम के कुछ सदस्यों के बीच झगड़ा शुरू हो गया. देखते ही देखते यह कहासुनी हाथापाई में बदल गई. वायरल वीडियो में कई लोग एक दूसरे को धक्का देते और मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस झगड़े के कारण कुछ देर के लिए वहां अफरा तफरी का माहौल बन गया.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक पत्रकार ने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया जिसके बाद यह इंटरनेट पर फैल गया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कॉन्सर्ट के बीच कुछ लोग आपस में भिड़ गए और वहां मौजूद भीड़ में हलचल मच गई. वीडियो सामने आने के बाद कई लोग कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Bipul Bhaskar (@bipulbhaskar_)

पुलिस और सुरक्षा टीम ने संभाला मामला

स्थिति बिगड़ती देख तुरंत सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला. इसके बाद दिल्ली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हालात को काबू में किया. सुरक्षा कर्मियों ने झगड़ा कर रहे लोगों को अलग किया और भीड़ को शांत कराया ताकि मामला और ज्यादा न बढ़े. रिपोर्ट्स के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने की वजह से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और कार्यक्रम आगे जारी रहा.

इस घटना के बाद हनी सिंह का दिल्ली कॉन्सर्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. जहां एक तरफ लोग उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कॉन्सर्ट के दौरान हुई इस लड़ाई को लेकर भी बहस हो रही है. कई यूजर्स का कहना है कि बड़े कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.