मुंबई: इंडियन सिनेमा की मोस्टअवेटेड फिल्मों में शामिल 'टॉक्सिक' को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. फिल्म की कहानी कथित तौर पर सामने आ गई है, जिससे इसके प्लॉट की दिशा का अंदाजा मिल रहा है. यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार फिल्म की कहानी 1940 और 1970 के दशक के बीच गोवा में सेट है. उस दौर में औपनिवेशिक परछाइयों के बीच उभरते क्राइम नेटवर्क और स्मगलिंग रैकेट की पृष्ठभूमि दिखाई जाएगी. कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द गिर्द घूमती है जो डर, हिंसा और धोखे के सहारे अपना साम्राज्य खड़ा करता है.
फिल्म को एक तीव्र एक्शन थ्रिलर बताया जा रहा है जिसमें सत्ता की भूख और उसके परिणामों को दिखाया जाएगा. जैसे जैसे अपराध की दुनिया फैलती है, भरोसा शक में बदलता है और हर फैसला भारी कीमत मांगता है.
फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है. फिल्म में अहम किरदार में यश नजर आएंगे. उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में हैं.
फिल्म को KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बनाया गया है. यह यश के करियर की 19वीं फिल्म है और सुपरहिट केजीएफ फिल्मों के बाद उनकी अगली बड़ी पेशकश मानी जा रही है.
फिल्म का टीजर पहले ही चर्चा में आ चुका है. कुछ दृश्यों को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं. कुछ संगठनों ने संबंधित बोर्ड में शिकायत भी दी थी. हालांकि मेकर्स ने अब तक आधिकारिक तौर पर किसी विवाद पर विस्तार से प्रतिक्रिया नहीं दी है. टॉक्सिक की रिलीज 19 मार्च को तय है. इसी दिन धुरंधर द रिवेंज भी सिनेमाघरों में आएगी, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है. फिलहाल कहानी सामने आने के बाद दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या यश का गैंगस्टर अवतार एक और बड़ी सफलता साबित होगा.