IPL 2026

यश की 'टॉक्सिक' फिर हुई पोस्टपोन, 'धुरंधर' के बाद अब किससे डर गए 'रॉकी भाई'; बताई वजह

यश की मोस्टअवेटेड फिल्म टॉक्सिक एक बार फिर टल गई है. फिल्म पूरी होने के बावजूद इसकी रिलीज को आगे बढ़ाया गया है, जिसकी वजह खुद यश ने सामने रखी है.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: फैंस जिस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हों, उसकी रिलीज अचानक टल जाए तो निराशा होना तय है. यश की फिल्म टॉक्सिक के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है. खास बात यह है कि फिल्म पूरी तरह तैयार है, फिर भी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई. अब सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि तैयार फिल्म को भी रोकना पड़ा. टॉक्सिक की रिलीज को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है. यह फिल्म पहले 4 जून 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे उस दिन रिलीज़ नहीं किया जाएगा.

फिल्म के प्रोडक्शन हाउस KVN प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स ने आधिकारिक तौर पर इस बदलाव की जानकारी दी है. नई रिलीज डेट फैंस के बीच ऐलान कर दी जाएगी.

पहले भी बदल चुकी है टॉक्सिक की रिलीज डेट

यह पहली बार नहीं है जब फिल्म की रिलीज टली है. इससे पहले इसे 19 मार्च को रिलीज किया जाना था. उस समय इसकी टक्कर रणवीर सिंह की मोस्टअवेटेड फिल्म धुरंधर 2 से होने वाली थी. लेकिन उस समय अंतरराष्ट्रीय हालात और कुछ अन्य कारणों की वजह से इसे आगे बढ़ाकर 4 जून कर दिया गया था. अब दूसरी बार रिलीज टलने से फैंस के बीच और उत्सुकता बढ़ गई है.

यश ने खुद सोशल मीडिया पर इस देरी की वजह साफ की. उन्होंने बताया कि फिल्म पूरी तरह तैयार है, लेकिन टीम अभी ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन और बड़े स्तर की पार्टनरशिप को फाइनल करने में लगी है. यश के मुताबिक, उनका मकसद है कि फिल्म सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी पूरी क्षमता के साथ पहुंचे. इसके लिए सही समय और सही रणनीति बेहद जरूरी है.

सही मौके के इंतेजार में मेकर्स

फिल्म को लेकर बड़ा फैसला CinemaCon में इसकी स्क्रीनिंग के बाद लिया गया. वहां फिल्म को ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूटर्स और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला. इस पॉजिटिव रिएक्शन के बाद मेकर्स ने तय किया कि फिल्म को और बड़े स्तर पर रिलीज किया जाना चाहिए, जिसके लिए थोड़ा और समय लिया जाएगा. यश का मानना है कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा को ग्लोबल मंच पर मजबूत पहचान दिला सकती है. इसलिए वह जल्दबाजी में रिलीज करने के बजाय सही मौके का इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ कहानियों को सही तरह से पेश करने के लिए समय देना जरूरी होता है, ताकि दर्शकों तक उसका पूरा असर पहुंच सके.