पढ़ते-पढ़ते बना डाली 72 करोड़ की मुवी, कौन हैं ‘हनुमान अंश’ की 21 साल की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर?
21 साल की इकोनॉमिक्स स्टूडेंट अनुप्रिया नागर ने यूनिवर्सिटी के एक असाइनमेंट से फिल्मी सफर शुरू किया. उनकी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने 27 दिनों में 61.38 करोड़ रुपये की नेट कमाई दर्ज की.
यूनिवर्सिटी ऑफ बाथ में इकोनॉमिक्स पढ़ रहीं अनुप्रिया नागर की कहानी आम फिल्म प्रोड्यूसर से काफी अलग है. एक असाइनमेंट के दौरान स्टीव जॉब्स और नीम करौली बाबा के कनेक्शन ने उनकी दिलचस्पी बढ़ाई. करीब एक साल की रिसर्च के बाद यही विषय फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कहानी में बदल गया.
असाइनमेंट से शुरू हुआ फिल्म बनाने का सफर
अनुप्रिया नागर का फिल्ममेकिंग सफर किसी फिल्म स्कूल या बड़े प्रोडक्शन हाउस से नहीं, बल्कि इकोनॉमिक्स के एक यूनिवर्सिटी प्रोजेक्ट से शुरू हुआ. इन्वेस्टमेंट और बैंकिंग से जुड़े एक मॉड्यूल में उन्होंने स्टीव जॉब्स पर रिसर्च की. इसी दौरान उन्हें नीम करौली बाबा और जॉब्स के भारत दौरे से जुड़ी जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने बाबा के जीवन और उनके प्रभाव को समझने के लिए गहराई से काम किया. उनकी टीम ने करीब एक साल तक रिसर्च की, कई जगहों का दौरा किया और उन लोगों से बातचीत की, जो बाबा को जानते थे.
2 करोड़ की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई हलचल
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को भारत में रिलीज हुई थी और पहले दिन इसकी कमाई करीब 10 लाख रुपये रही. शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की रफ्तार धीमी थी लेकिन तीसरे हफ्ते से कहानी बदल गई. 27वें दिन तक फिल्म का नेट कलेक्शन 61.38 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 72.32 करोड़ रुपये बताया गया. फिल्म की लागत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है. हालांकि ग्रॉस कलेक्शन को सीधे प्रोड्यूसर का मुनाफा नहीं माना जा सकता, कमाई का हिस्सा थिएटर, डिस्ट्रीब्यूटर और प्रोड्यूसर के बीच बंटता है.
Also Read
- इस राज्य में टैक्स फ्री हुई हनुमान अंश, बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही फिल्म की कमाई पहुंची 100 करोड़ के पार
- बिग बॉस 20 के सेट पर पैप्स पर भड़के सलमान खान, 'बाबा' कहने पर दिया तीखा जवाब; वीडियो वायरल
- 'धोखा महसूस किया...', बादशाह संग शादी करने के बाद ईशा रिखी को हुआ था पछतावा? बिग बॉस 20 में एक्ट्रेस खोलेंगी कई राज!
कला से फिल्म प्रोडक्शन तक पहुंची अनुप्रिया
अनुप्रिया नागर सोशल मीडिया पर खुद को इकोनॉमिस्ट, आर्टिस्ट और फिल्म प्रोड्यूसर बताती हैं. कला में उनकी रुचि बचपन से रही है और 12 साल की उम्र में उन्होंने अपनी कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगानी शुरू कर दी थी. यूनिवर्सिटी में भी वह आर्ट, डांस और बिजनेस से जुड़ी सोसायटियों का हिस्सा रहीं. ‘हनुमान अंश’ का निर्माण स्वंभू मीडिया नेटवर्क के बैनर तले हुआ है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसके प्रोड्यूसर्स में अनुप्रिया नागर, रागिनी एस, नम्रता जी सिंह और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी शामिल हैं.