ICU में अनुराग डोभाल, इंस्टाग्राम लाइव में की सुसाइड की कोशिश, इन सेलेब्स ने मांगी सलामती की दुआ
बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर अनुराग डोभाल उर्फ UK07 राइडर हाल ही में एक कार हादसे में घायल हो गए. इंस्टाग्राम लाइव के दौरान हुआ यह हादसा सोशल मीडिया पर चर्चा में है. मुनव्वर फारुकी और अभिषेक मल्हान समेत कई सेलेब्स ने उनकी सलामती की दुआ की है.
मुंबई: बिग बॉस 17 के कंटेस्टेंट और लोकप्रिय यूट्यूबर अनुराग डोभाल जिन्हें लोग UK07 राइडर के नाम से जानते हैं हाल ही में एक कार हादसे में घायल हो गए. बताया जा रहा है कि वह इंस्टाग्राम लाइव के दौरान काफी भावुक नजर आ रहे थे और उसी दौरान उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया. लाइव वीडियो अचानक खत्म हो गया जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस के बीच चिंता बढ़ गई. बाद में खबर सामने आई कि हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके मैनेजर रोहित पांडे ने पुष्टि की है कि अनुराग डोभाल फिलहाल अस्पताल के आईसीयू में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
मुनव्वर फारुकी ने कही बड़ी बात
इस घटना के बाद बिग बॉस 17 के विजेता और स्टैंड अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर करते हुए अनुराग की सलामती की दुआ की. मुनव्वर ने कहा कि जब उन्होंने वीडियो देखा तो उन्होंने अनुराग से संपर्क करने की कोशिश की और उनके करीबियों से भी बात की. उन्होंने कहा कि हर इंसान की जिंदगी में मुश्किलें आती हैं लेकिन अपनी जान लेना किसी भी समस्या का समाधान नहीं होता.