Kerala Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War

बॉक्स ऑफिस पर ठंडी पड़ी शनाया कपूर की 'तू या मैं', 'ओ रोमियो' के आगे नहीं खोल पाई दुकान

शनाया कपूर और आदर्श गौरव स्टारर तू या मैं ने रिलीज के छठे दिन 27 लाख रुपये की कमाई की है. फिल्म का कुल कलेक्शन 3.97 करोड़ पहुंचा है. 20 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: शनाया कपूर और आदर्श गौरव की फिल्म तू या मैं पिछले शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से सराहना मिली, लेकिन यह तारीफ बॉक्स ऑफिस पर कमाई में बदलती नजर नहीं आ रही है. शुरुआती दिनों में धीमी शुरुआत के बाद शनिवार को फिल्म ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी, मगर यह रफ्तार ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी.

ट्रेड रिपोर्ट के अनुसार, बिजॉय नांबियार की डायरेक्टेड इस फिल्म ने छठे दिन यानी बुधवार को लगभग 27 लाख रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई करीब 3.97 करोड़ रुपये हो गई है.

'तू या मैं' का बॉक्स ऑफिस का कलेक्शन

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तू या मैं का बजट लगभग 20 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. ऐसे में पहले छह दिनों में सिर्फ 3.97 करोड़ की कमाई फिल्म के लिए चिंता का विषय है. अगर फिल्म को अपनी लागत निकालनी है तो दूसरे वीकेंड में जबरदस्त उछाल की जरूरत होगी. ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि पहला हफ्ता खत्म होने तक फिल्म लगभग 4.15 से 4.20 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है. हालांकि यह आंकड़ा भी बजट के हिसाब से काफी कम माना जा रहा है.

फिल्म को समीक्षकों से ज्यादातर अच्छे रिएक्शन मिले हैं. कई रिव्यू में इसे एक रोमांचक सर्वाइवल थ्रिलर बताया गया है. एक्टिंग और म्यूजिक की खास तारीफ की गई है. खासतौर पर शनाया कपूर और आदर्श गौरव के परफॉर्मेंस को सराहा गया है. इसके बावजूद दर्शकों की संख्या सिनेमाघरों में सीमित नजर आ रही है. वर्ड ऑफ माउथ अच्छा होने के बाद भी टिकट खिड़की पर भीड़ नहीं जुट पा रही है. यही वजह है कि फिल्म की कमाई उम्मीद से कम रही है.

शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' से मिली टक्कर

बॉक्स ऑफिस पर तू या मैं को ओ रोमियो से भी टक्कर मिल रही है. दोनों ही फिल्में खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं, लेकिन एक साथ रिलीज होने से दर्शकों का बंटवारा हुआ है. अगर तू या मैं को सोलो रिलीज मिलती तो शायद कलेक्शन बेहतर हो सकते थे. कई ट्रेड एक्सपर्ट का मानना है कि कंटेंट अच्छा होने के बावजूद रिलीज टाइमिंग फिल्म के लिए भारी पड़ गई है. दूसरे वीकेंड पर अगर फिल्म को अच्छा फुटफॉल मिलता है तो इसकी कमाई में सुधार आ सकता है.

अब सबकी नजर दूसरे वीकेंड पर टिकी है. शनिवार और रविवार को अगर फिल्म में उछाल नहीं आता तो इसे बॉक्स ऑफिस पर नुकसान झेलना पड़ सकता है. छोटे बजट की फिल्म होने के बावजूद 20 करोड़ की लागत निकालना आसान नहीं होगा. फिल्म इंडस्ट्री में यह साफ दिखता है कि सिर्फ अच्छे रिव्यू ही सफलता की गारंटी नहीं देते. मजबूत ओपनिंग और सही रिलीज रणनीति भी उतनी ही जरूरी होती है. तू या मैं के मामले में यही कमी नजर आ रही है.