'पेड्डी' के सेट पर टॉलीवुड के मेगा पावर स्टार राम चरण को लगी चोट; जानें अब कैसी है हालत?

टॉलीवुड स्टार राम चरण अपनी आगामी फिल्म 'पेड्डी' के सेट पर एक एक्शन सीक्वेंस करते समय घायल हो गए. हालांकि उन्होंने ब्रेक नहीं लिया और काम जारी रखा. फैंस काफी चिंतित हो गए थे क्योंकि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैल गई थीं कि राम चरण की आंख घायल हो गई है. लेकिन टीम ने साफ कर दिया कि मामला गंभीर नहीं है.

x
Antima Pal

मुंबई: टॉलीवुड के मेगा पावर स्टार राम चरण अपनी आगामी फिल्म 'पेड्डी' की शूटिंग में व्यस्त हैं. फिल्म के डायरेक्टर बूची बाबू साना हैं और इसमें जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं. यह फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित तेलुगु फिल्मों में से एक है. लेकिन शूटिंग के दौरान एक अनहोनी हो गई.

एक्शन सीक्वेंस शूट करते समय राम चरण को लगी चोट

मंगलवार को फिल्म की एक एक्शन सीक्वेंस शूट करते समय राम चरण को चोट लग गई. उनके टीम के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. एक इंटरव्यू में टीम के सदस्य ने बताया- 'राम चरण कल यानी मंगलवार को एक्शन सीन शूट कर रहे थे. उन्हें चोट लग गई और ऊपर की तरफ चार टांके लगे. चोट आंख के ठीक ऊपर लगी है, आंख को कुछ नहीं हुआ है. उनकी आंख बिल्कुल ठीक है.'

टीम ने साफ कर दिया कि मामला गंभीर नहीं

फैंस काफी चिंतित हो गए थे क्योंकि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैल गई थीं कि राम चरण की आंख घायल हो गई है. लेकिन टीम ने साफ कर दिया कि मामला गंभीर नहीं है. सूत्र ने आगे कहा, 'यह छोटी सी चोट है. राम चरण ने कोई ब्रेक नहीं लिया और तुरंत काम पर वापस लौट गए. उन्हें कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है.'

गांव के युवक की भूमिका में नजर आएंगे एक्टर

राम चरण अपनी फिल्मों में हमेशा से ही पूरी मेहनत और समर्पण से काम करते रहे हैं. 'पेड्डी' की शूटिंग भी वे बिना रुके कर रहे हैं. यह फिल्म स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें राम चरण एक गांव के युवक की भूमिका में नजर आएंगे जो अपनी टीम के साथ कुछ बड़ी चुनौतियों का सामना करता है. 

जान्हवी कपूर के साथ उनकी केमिस्ट्री को लेकर भी काफी उत्साह है. फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव हुआ है. पहले इसे 27 मार्च 2026 को रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब इसे 30 अप्रैल 2026 को थिएटर्स में लाया जाएगा. फिल्म सिर्फ तेलुगु में नहीं, बल्कि हिंदी समेत कई अन्य भाषाओं में डब होकर रिलीज होगी. इससे पूरे देश के दर्शक इसका मजा ले सकेंगे.

राम चरण के फैंस इस खबर से थोड़े परेशान जरूर हुए, लेकिन अब उन्हें राहत मिल गई है. स्टार की डेडिकेशन देखकर सब उनकी तारीफ कर रहे हैं. एक्शन सीन करते समय छोटी-मोटी चोटें लगना आम बात है, लेकिन बिना ब्रेक लिए काम जारी रखना राम चरण की प्रोफेशनलिज्म को दिखाता है.'पेड्डी' को लेकर पूरे देश में जबरदस्त क्रेज है. एआर रहमान का म्यूजिक, भव्य एक्शन और राम चरण-जान्हवी की जोड़ी इसे खास बनाने वाली है. उम्मीद है कि फिल्म रिलीज के समय दर्शकों को खूब पसंद आएगी. अभी के लिए राम चरण ठीक हैं और शूटिंग जारी है.