इंतजार खत्म! 7 महीने बाद थलपति विजय की 'जन नायगन' को मिली हरी झंडी, इस तारीख को होगी रिलीज!
विजय के फैंस लंबे समय से इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. अब जब सेंसर बोर्ड ने रास्ता साफ कर दिया है तो उम्मीद है कि जल्द ही फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक पुष्टि हो जाएगी. थिएटर में विजय का जलवा फिर एक बार देखने को मिलेगा.
Thalapathy Vijay Jana Nayagan: तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल गई है. करीब 7 महीने की लंबी उलझन के बाद फिल्म को 'A' सर्टिफिकेट दे दिया गया है. अब फिल्म थिएटर्स में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.
7 महीने बाद 'जन नायगन' को मिली हरी झंडी
फिल्म की रिलीज डेट जनवरी 2026 तय थी, लेकिन सेंसर बोर्ड की अड़चनों के चलते यह टलती रही. थलपति विजय राजनीति में कदम रखने से पहले अपनी इस आखिरी फिल्म को फैंस को तोहफे के तौर पर देना चाहते थे. लेकिन सर्टिफिकेट न मिलने से पूरा प्लान अटक गया. फिल्म के निर्माताओं ने इस मुद्दे को लेकर मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया. सिंगल जज बेंच ने फिल्म को U/A 16+ सर्टिफिकेट देने का फैसला सुनाया, लेकिन कुछ घंटों बाद ही यह फैसला बदल दिया गया.
मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां निर्माताओं ने फिल्म पर लगी रोक हटाने की मांग की. सुप्रीम कोर्ट ने रोक हटाने से इनकार कर दिया लेकिन मद्रास हाई कोर्ट को जल्द फैसला करने का निर्देश दे दिया. हाई कोर्ट ने विवादित सीनों पर सेंसर बोर्ड को पर्याप्त समय देने का फैसला किया. इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग गया. इसी बीच फिल्म का एक वर्जन ऑनलाइन लीक हो गया, जिससे फैंस और फिल्मी हलकों में काफी हंगामा मच गया. कई लोग लीक वर्जन देखकर निराश भी हुए, लेकिन अब असली सर्टिफाइड वर्जन थिएटर्स में आने वाला है.
Also Read
इस तारीख को होगी रिलीज!
फिल्म की लंबाई करीब 3 घंटे 3 मिनट बताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक 23 या 24 जुलाई को फिल्म रिलीज हो सकती है. हालांकि फिल्म मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है. फैंस इस खबर से बेहद उत्साहित हैं और थिएटर्स में टिकटों की होड़ लगने की उम्मीद है.
जन नायगन विजय की आखिरी फिल्म होने के कारण खास मायने रखती है. इसमें विजय के अलावा कई बड़े कलाकार हैं और दर्शकों को एक्शन, इमोशन और मास एंटरटेनमेंट का पूरा पैकेज मिलने वाला है. फिल्म के डायरेक्टर और टीम ने लंबे इंतजार के बाद राहत की सांस ली है.