US Israel Iran War

थलपति विजय की फिल्म 'जन नायकन' पर विवाद, मदुरै के गांवों में प्रदर्शन; बदलाव और माफी की मांग

उसिलंपट्टी के आसपास स्थित पापापट्टी, पगथेवनपट्टी और पेयामपट्टी समेत कई गांवों में स्थानीय लोगों ने फिल्म के खिलाफ आवाज उठाई है. ग्रामीणों का कहना है कि फिल्म में कुछ सीन ऐसे हैं, जो उनकी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को गलत तरीके से पेश करते हैं. उन्होंने इसे रचनात्मक स्वतंत्रता की सीमा लांघने वाला बताया है. 

x
Antima Pal

मुंबई: अभिनेता और राजनेता विजय की अपकमिंग फिल्म जन नायक रिलीज से पहले नई विवादों में घिर गई है. तमिलनाडु के मदुरै जिले में कई गांवों के ग्रामीणों ने फिल्म के कुछ दृश्यों का कड़ा विरोध शुरू कर दिया है. उन्होंने फिल्म में अपने गाँवों को नकारात्मक तरीके से दिखाए जाने का आरोप लगाया है. 

उसिलंपट्टी के आसपास स्थित पापापट्टी, पगथेवनपट्टी और पेयामपट्टी समेत कई गांवों में स्थानीय लोगों ने फिल्म के खिलाफ आवाज उठाई है. ग्रामीणों का कहना है कि फिल्म में कुछ सीन ऐसे हैं, जो उनकी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को गलत तरीके से पेश करते हैं. उन्होंने इसे रचनात्मक स्वतंत्रता की सीमा लांघने वाला बताया है. 

काले झंडे फहराए, बदलाव की मांग 

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने अपने घरों के बाहर काले झंडे फहराए हैं, जो उनके गुस्से और असहमति का प्रतीक है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि फिल्म के कुछ हिस्सों में उनके गांवों को बुरी रोशनी में दिखाया गया है, जिससे उनकी सामाजिक छवि खराब हो रही है. ग्रामीणों ने फिल्म के निर्देशक एच. विनोथ और अभिनेता विजय से दो मुख्य मांगें रखी हैं. 


पहली मांग है कि फिल्म के आपत्तिजनक दृश्यों में जरूरी बदलाव किए जाएं. दूसरी मांग है कि विजय और फिल्म के निर्देशक सार्वजनिक रूप से उनके गांवों और लोगों से माफी मांगें. एक स्थानीय निवासी ने बताया, 'हम फिल्म का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन जब हमारी इज्जत और हमारे गांव की छवि को गलत तरीके से दिखाया जाता है, तो चुप रहना मुश्किल हो जाता है. हमें सिर्फ न्याय चाहिए.'

स्थानीय स्तर पर बढ़ रहा आंदोलन

शुरू में यह विरोध छोटे स्तर पर था, लेकिन अब यह पूरे इलाके में फैलता जा रहा है. कई परिवारों ने एकजुट होकर काले झंडे फहराकर अपनी नाराजगी जताई है. कुछ सामाजिक संगठनों ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया है. फिल्म जन नायक में विजय मुख्य भूमिका में हैं और यह फिल्म उनके राजनीतिक करियर के बाद की पहली बड़ी सिनेमा परियोजना मानी जा रही है. ऐसे में इस विवाद ने फिल्मी हलकों में भी चर्चा पैदा कर दी है. अभी तक विजय या फिल्म के निर्माताओं की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.