US Israel Iran War

चॉल में रहने वाला लड़का कैसे बना दुनिया का मशहूर कोरियोग्राफर? गिनीज रिकॉर्ड में बनाया नाम

मशहूर कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस का सफर संघर्ष और सफलता की मिसाल है. चॉल में पले बढ़े इस कलाकार ने मेहनत के दम पर इंडस्ट्री में बड़ा नाम बनाया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचे.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: डांस की दुनिया में अगर किसी नाम को मेहनत और जुनून की मिसाल कहा जाए तो वह टेरेंस लुईस का है. 10 अप्रैल को अपना 51वां जन्मदिन मना रहे टेरेंस लुईस का सफर किसी प्रेरणादायक कहानी से कम नहीं है. एक छोटे से घर से निकलकर उन्होंने वह मुकाम हासिल किया है जहां पहुंचना हर किसी के लिए आसान नहीं होता है.

टेरेंस लुईस का जन्म 10 अप्रैल 1975 को मुंबई में हुआ था. उनका बचपन एक साधारण चॉल में बीता जहां सुविधाएं सीमित थीं लेकिन सपने बहुत बड़े थे. बचपन से ही उन्हें डांस का शौक था और वह अक्सर खुद से नए स्टेप्स सीखने की कोशिश करते थे. स्कूल के दिनों में एक डांस प्रतियोगिता ने उनकी जिंदगी बदल दी. जब टीचर ने उनसे पूछा कि क्या वह इसमें हिस्सा लेना चाहेंगे तो उन्होंने तुरंत हां कर दी. उन्होंने इस प्रतियोगिता में जीत हासिल की और यहीं से उनका आत्मविश्वास बढ़ गया.

टेरेंस लुईस का फिल्मों से टीवी तक का सफर

टेरेंस लुईस ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म लगान से की जहां उन्होंने कोरियोग्राफी में हाथ आजमाया. हालांकि फिल्मों में उन्हें ज्यादा संतुष्टि नहीं मिली और उन्होंने कुछ समय बाद इस दिशा से दूरी बना ली. इसके बाद उन्होंने फिटनेस ट्रेनर के रूप में काम करना शुरू किया. उन्होंने कई बड़े सितारों को ट्रेनिंग दी जिनमें गौरी खान, माधुरी दीक्षित, सुष्मिता सेन, सुजैन खान और बिपाशा बसु जैसे नाम शामिल हैं.

रियलिटी शो से मिली असली पहचान

टेरेंस लुईस को असली पहचान टीवी के पॉपुलर शो डांस इंडिया डांस से मिली. इस शो में जज के रूप में उनकी भूमिका ने उन्हें घर घर में पहचान दिलाई. इसके बाद उन्होंने नच बलिए और इंडिया बेस्ट डांसर जैसे कई बड़े शोज में जज के रूप में काम किया. उनकी ईमानदारी और डांस की समझ दर्शकों को बेहद पसंद आई.

टेरेंस लुईस ने अपने करियर में एक बड़ा मुकाम तब हासिल किया जब उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ. बिग बाजार एंथम द डेनिम डांस के जरिए उन्होंने दुनिया का सबसे बड़ा फोटोबुक बनाने का रिकॉर्ड बनाया. यह उपलब्धि यह साबित करती है कि वह केवल एक कोरियोग्राफर ही नहीं बल्कि एक क्रिएटिव माइंड भी हैं जो हमेशा कुछ नया करने की सोच रखते हैं.