Sunny Deol Birthday: पर्दे पर ही नहीं, असल जिंदगी में भी 'गदर' हैं सनी देओल; जानिए रियल लाइफ किस्से

सनी देओल 19 अक्टूबर को 69 साल के हो गए हैं. उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़े कई चर्चित किस्से फिर चर्चा में हैं.

Pinterest
Km Jaya

Sunny Deol Birthday: सनी देओल बॉलीवुड के उन सितारों में शामिल हैं, जिनकी पहचान सिर्फ उनकी फिल्मों के दमदार एक्शन और भारी आवाज वाले डायलॉग्स से नहीं, बल्कि उनके बेबाक और अलग अंदाज से भी होती है. 19 अक्टूबर को 69 साल के हो रहे सनी देओल ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं. पर्दे पर उन्हें अक्सर गुस्सैल और ताकतवर हीरो के रूप में देखा गया, लेकिन उनकी असल जिंदगी से जुड़े कुछ किस्से भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं हैं.

सनी देओल बचपन से ही काफी शरारती और गुस्सैल स्वभाव के बताए जाते हैं. एक किस्सा उनके बचपन का है, जब उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र की फिल्म 'शोला और शबनम' देखी थी. फिल्म में एम. राजन ने धर्मेंद्र के किरदार के साथ मारपीट की थी. उस समय सिर्फ चार साल के सनी को लगा कि उन्होंने सच में उनके पिता को मारा है. बाद में जब एम. राजन धर्मेंद्र से मिलने उनके घर पहुंचे तो सनी एयर गन लेकर उन्हें गोली मारने के लिए घूमने लगे थे.

बचपन से ही गाड़ियों का शौक

सनी को बचपन से ही गाड़ियों का भी शौक था. उन्होंने कई इंटरव्यू में बताया है कि करीब 12-13 साल की उम्र में वह चोरी-छिपे कार चलाने लगे थे. कभी ड्राइवर की गोद में बैठकर गाड़ी चलाते थे तो कभी घर के लोग सोने के बाद चुपके से चाबी लेकर निकल जाते थे. इस दौरान कई बार उनकी कार टकराई भी. उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी कार में तलवारें, धातु की छड़ें और हॉकी स्टिक तक रहती थीं.


रियल लाइफ में हुई लड़ाई

रियल लाइफ में सनी कई बार लड़ाई में भी फंसे. एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया था कि एक झगड़े के दौरान उनके पैर में रॉड घुस गई थी. वह अकेले कई लोगों से भिड़ रहे थे, जबकि उनके साथ आए लोग डर के कारण कार में बैठे रहे. सनी ने इस घटना को याद करते हुए कहा था कि भगवान की कृपा से उनके सिर पर गंभीर चोट नहीं लगी. उन्होंने लोगों को ऐसी लड़ाइयों से दूर रहने की सलाह भी दी थी.

क्रिकेट मैच के दौरान भी सनी का गुस्सा सामने आया था. फिल्मों में आने से पहले करीब 20 साल की उम्र में वह भारत और न्यूजीलैंड का मैच देखने गए थे. वहां कुछ लोगों को पता चला कि वह धर्मेंद्र के बेटे हैं और वे उन्हें परेशान करने लगे. जब उन पर सिगरेट के टुकड़े फेंके गए तो सनी अपना आपा खो बैठे और लोगों से भिड़ गए. मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.

सनी देओल और अनिल कपूर के बीच तनाव

सनी देओल और अनिल कपूर के बीच भी एक समय तनाव की खबरें सामने आई थीं. 1988 की फिल्म 'राम अवतार' की शूटिंग के दौरान एक फाइट सीन में सनी को अनिल कपूर का गला पकड़ना था. बताया जाता है कि सीन के दौरान उन्होंने गला इतनी जोर से दबा दिया कि अनिल की सांसें अटकने लगीं. डायरेक्टर के कट बोलने के बाद भी सनी ने तुरंत हाथ नहीं हटाया और सेट पर मौजूद लोगों को बीच में आना पड़ा. दोनों के बीच तनाव की शुरुआत इससे पहले फिल्म 'जोशीले' के दौरान हुई बताई जाती है.