रामायण के ट्रेलर में क्यों नहीं दिखे हनुमान? सनी देओल ने खुद खोल दिया राज

'रामायण पार्ट 1' के ट्रेलर में सनी देओल का हनुमान अवतार नहीं दिखने पर फैंस सवाल पूछ रहे हैं. अब अभिनेता ने खुद बताया है कि उनके किरदार की झलक ट्रेलर में क्यों नहीं दिखाई गई और फिल्म में उनका रोल कब नजर आएगा.

X
Babli Rautela

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया. ट्रेलर में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के दमदार अवतार में नजर आए. हालांकि, एक बात ने फैंस का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा—हनुमान की भूमिका निभा रहे सनी देओल ट्रेलर में कहीं दिखाई नहीं दिए. इसके बाद सोशल मीडिया पर लगातार सवाल उठने लगे कि आखिर फिल्म के इतने अहम किरदार को ट्रेलर से क्यों दूर रखा गया. अब इस पर खुद सनी देओल का बयान सामने आया है.

रामायण के ट्रेलर में क्यों नजर नहीं आए सनी देओल?

18 जुलाई 2026 को दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'रामायण' के विशेष ट्रेलर स्क्रीनिंग कार्यक्रम में सनी देओल ने अपने किरदार को लेकर बात की थी. उन्होंने बताया कि उन्होंने फिल्म पर हाल ही में काम शुरू किया है और उनके हिस्से की शूटिंग का बड़ा भाग अभी बाकी है.

सनी देओल ने कहा, "मैंने अभी तक फिल्म पर बहुत कम काम किया है. अभी बहुत काम बाकी है. मैं वाहेगुरु जी का शुक्रिया अदा करता हूं कि मुझे हनुमान जी का किरदार निभाने का अवसर मिला. यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है. हनुमान जी का किरदार निभाना आसान नहीं है, लेकिन यह मेरे करियर का एक यादगार अनुभव होगा." उनके इस बयान से माना जा रहा है कि फिल्म के पहले भाग में हनुमान का किरदार सीमित रूप में या अंत के करीब सामने आएगा.


क्या पहले पार्ट में नहीं होगी हनुमान की बड़ी एंट्री?

सनी देओल के बयान से यह संकेत मिलता है कि 'रामायण पार्ट 1' की कहानी मुख्य रूप से भगवान राम के वनवास और रावण द्वारा सीता हरण तक की घटनाओं पर केंद्रित होगी. यही वजह मानी जा रही है कि ट्रेलर में हनुमान के किरदार को जानबूझकर नहीं दिखाया गया, ताकि फिल्म के अगले हिस्से और उनके प्रवेश को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी रहे. हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में बताया कि 'रामायण पार्ट 1' का अंत एक क्लिफहैंगर पर होगा.

उन्होंने कहा कि पहले भाग का आखिरी दृश्य ऐसा होगा, जो दर्शकों को सीधे दूसरे भाग का इंतजार करने पर मजबूर कर देगा. इससे साफ है कि कहानी का सबसे बड़ा संघर्ष दूसरे भाग में देखने को मिलेगा.

ट्रेलर में किन किरदारों की मिली झलक?

रिलीज हुए ट्रेलर में दर्शकों को कई अहम किरदारों की पहली झलक देखने को मिली.

  •  रणबीर कपूर – भगवान राम
  •  साई पल्लवी – माता सीता
  •  यश – रावण
  •  लारा दत्ता – कैकेयी
  •  रकुल प्रीत सिंह – शूर्पणखा
  •  विवेक ओबेरॉय – विद्युतजिह्वा
  •  अरुण गोविल – राजा दशरथ