पैसों के लिए लेटेंट जैसे शो में जाना बंद करें... अर्चना पूरन सिंह पर सुनील पाल का तीखा हमला
सुनील पाल ने अर्चना पूरन सिंह के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में शामिल होने पर सवाल उठाए हैं.
कॉमेडियन सुनील पाल ने एक बार फिर समय रैना के शो को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है. इस बार उनका निशाना अर्चना पूरन सिंह बनी हैं. सुनील ने कहा कि इतनी बड़ी कलाकार होने के बाद उन्हें ऐसे मंच पर जाने से पहले वहां के माहौल और परिवार के सम्मान पर जरूर सोचना चाहिए था.
अर्चना के शो में जाने पर उठाए सवाल
सुनील पाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर अर्चना पूरन सिंह से पूछा कि उन्हें ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में जाने की जरूरत क्यों पड़ी. उन्होंने कहा कि अर्चना को इंडस्ट्री में सम्मान और काम दोनों मिले हैं, इसलिए उन्हें ऐसे कार्यक्रम चुनने चाहिए जहां उनका और उनके परिवार का सम्मान बना रहे. सुनील के मुताबिक, शो में अर्चना के परिवार और पति को लेकर की गई टिप्पणियां उनके फैंस को भी अच्छी नहीं लगीं.
Also Read
परिवार के सम्मान से बड़ा पैसा नहींः सुनील पाल
सुनील पाल ने कहा कि अर्चना के पास अब इतना अनुभव और पहचान है कि वह खुद तय कर सकती हैं कि उन्हें किस जगह जाना है. उन्होंने सवाल किया कि अगर किसी कार्यक्रम में परिवार के सदस्यों का मजाक बनाया जाए, तो वहां मिलने वाला पैसा या काम कितना मायने रखता है. सुनील ने साफ कहा कि जहां सम्मान न मिले, वहां जाने से बचना चाहिए. उन्होंने अर्चना के प्रति सम्मान जताते हुए अपनी बात को एक प्रशंसक की चिंता बताया.
समय रैना के शो पर पहले भी बोल चुके हैं
यह पहली बार नहीं है जब सुनील पाल ने समय रैना और उनके शो पर टिप्पणी की हो. वह पहले भी सोशल मीडिया के जरिए स्टैंडअप कॉमेडियन और उनके कंटेंट पर सवाल उठा चुके हैं. अब अर्चना पूरन सिंह को लेकर उनका बयान चर्चा में है.