Annu Kapoor on Tamannaah: अन्नू कपूर अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. पिछले साल तमन्ना भाटिया को लेकर उनकी एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर विवाद का कारण बनी थी. अभिनेता ने अब उस बयान पर अपनी बात रखी और ट्रोल करने वालों की सोच पर सवाल उठाए.
एक पॉडकास्ट में अन्नू कपूर से तमन्ना भाटिया को लेकर सवाल पूछा गया था. इसी दौरान उन्होंने अभिनेत्री की तारीफ करते हुए ‘दूधिया बदन’ शब्द का इस्तेमाल किया. उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने आपत्ति जताई और अभिनेता को ट्रोल किया. मामला बढ़ने के बाद अन्नू कपूर ने अपनी टिप्पणी पर सफाई दी और कहा कि उनका इरादा किसी को अपमानित करने का नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि अगर तमन्ना को उनकी बात बुरी लगी हो तो वह माफी मांगते हैं.
अन्नू कपूर ने एक बातचीत में कहा कि भारतीय समाज अंग्रेजी शब्दों को आसानी से स्वीकार कर लेता है लेकिन हिंदी में वही बात कही जाए तो लोग ज्यादा आपत्ति करते हैं. उन्होंने इसे मानसिक गुलामी से जोड़ते हुए अपनी राय रखी. अभिनेता ने कहा कि ‘मिल्की बॉडी’ जैसे अंग्रेजी शब्द पर लोगों को परेशानी नहीं होती. वहीं हिंदी में कही गई समान बात पर विवाद खड़ा हो जाता है. उन्होंने इसी तर्क के जरिए अपने पुराने बयान का बचाव किया.
अन्नू कपूर ने बातचीत के दौरान तमन्ना के लिए शुभकामनाएं भी दीं. जब उन्हें बताया गया कि अभिनेत्री शादीशुदा नहीं हैं, तो उन्होंने अपनी बात स्पष्ट करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना की. इस पूरे विवाद के बीच तमन्ना की ओर से कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.