टीवी अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने आखिरकार उस वजह का खुलासा कर दिया, जिसके चलते वह पिछले दो महीनों से सोशल मीडिया से दूर थीं. इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 4 मई को उनकी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई थी. कई वर्षों तक दवाओं और इलाज के जरिए इस बीमारी को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन आखिरकार सर्जरी करानी पड़ी. सुमोना ने बताया कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और धीरे धीरे अपनी सामान्य जिंदगी में लौट रही हैं.
सुमोना ने लिखा कि पिछले दो महीने उन्होंने पूरी तरह अपनी शारीरिक और मानसिक रिकवरी पर ध्यान दिया. इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई ताकि बिना किसी दबाव के खुद को समय दे सकें. उन्होंने अपने डॉक्टरों और पूरी मेडिकल टीम का आभार जताते हुए कहा कि अब वह पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं.
सुमोना ने साल 2021 में पहली बार खुलासा किया था कि वह स्टेज फोर एंडोमेट्रियोसिस से जूझ रही हैं. यह ऐसी बीमारी है जिसमें गर्भाशय जैसी ऊतक शरीर के दूसरे हिस्सों में बढ़ने लगती है, जिससे तेज दर्द, सूजन और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. उन्होंने बताया कि वर्षों तक इस बीमारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन समय के साथ स्थिति गंभीर होती गई और सर्जरी ही सबसे बेहतर विकल्प बचा.
Also Read
सर्जरी के बाद सुमोना ने कहा कि उनके पेट पर अब तीन निशान हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें नहीं पता कि ये निशान कभी पूरी तरह मिटेंगे या नहीं, लेकिन उन्हें इनसे कोई परेशानी नहीं है. उन्होंने कहा कि ये निशान इस बात की याद दिलाते हैं कि उन्होंने जिंदगी की एक बड़ी चुनौती का सामना किया और उससे बाहर निकलकर और मजबूत बनीं.
सुमोना ने कहा कि अब वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल लाइक्स और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए नहीं करना चाहतीं. उनकी इच्छा है कि वह महिलाओं के लिए ऐसा मंच तैयार करें जहां स्वास्थ्य, एंडोमेट्रियोसिस, मानसिक स्वास्थ्य, पेरिमेनोपॉज, किताबें, यात्रा, पौधे, पालतू जानवर और जीवन से जुड़े कई जरूरी विषयों पर खुलकर बातचीत हो सके. उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि उनकी कहानी किसी और महिला के लिए हिम्मत और उम्मीद का कारण बने.
अपनी पोस्ट में सुमोना ने सोशल मीडिया पर मिलने वाले भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट्स का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कई बार लोगों ने उनके शरीर को लेकर अभद्र टिप्पणियां कीं और दुख की बात यह रही कि इनमें अधिकतर टिप्पणियां पुरुषों की थीं. हालांकि उन्होंने साफ कहा कि वह इन बातों से पीछे हटने वाली नहीं हैं. वह आगे भी अभिनय करती रहेंगी और अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीती रहेंगी.
सुमोना ने बताया कि जून में वह 38 साल की हो गईं और जन्मदिन के मौके पर इस्तांबुल की यात्रा भी की. उन्होंने कहा कि अब उन्हें एहसास हो गया है कि सोशल मीडिया किसी इंसान के रिश्तों या प्यार का पैमाना नहीं होता. उनके अनुसार बढ़ती उम्र से डरने की बजाय उसे अपनाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर उम्र के साथ अनुभव, समझ, कृतज्ञता और कुछ निशान मिलते हैं तो वह उन सभी को गर्व के साथ स्वीकार करेंगी.