बरेली: पत्नी और ससुराल वालों के लगातार प्रताड़ना सहने के बाद एक नर्सिंग असिस्टेंट ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मृतक कुलदीप गोस्वामी ने दो वीडियो और तीन पेज के सुसाइड नोट में अपनी पूरी आपबीती लिखी है. उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी गुंजा ने प्लानिंग के साथ शादी की और परिवार को लूटने की कोशिश की.
कुलदीप सुभाषनगर के बालाजी मंदिर के पास रहते थे और एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के रूप में काम करते थे. उनकी पहली पत्नी दयावती से तलाक हो चुका था. तलाक के करीब तीन महीने बाद उन्होंने सदर बाजार की रहने वाली गुंजा उर्फ गुंजन कुमारी से दूसरी शादी की.
कुलदीप के पिता सत्यपाल गोस्वामी का कहना है कि गुंजा ने शादी से पहले ही सब कुछ प्लान कर लिया था. शादी के तुरंत बाद ही घर से नकदी और जेवर गायब होने लगे. जब कुलदीप ने पत्नी पर शक जताया तो गुंजा ने उल्टा उनके छोटे भाई पर आरोप लगा दिया. परिवार के अनुसार गुंजा ने चोरी का माल अपने मायके भेजना शुरू कर दिया था. जब घर में यह बात पकड़ी गई तो गुंजा ने 1 जुलाई को महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया.
तीन जुलाई को सुभाषनगर थाने में भी कुलदीप के भाई के खिलाफ दूसरी रिपोर्ट लिखाई गई. कुलदीप ने भी अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उनकी नहीं सुनी. परिवार का आरोप है कि करगैना चौकी इंचार्ज ने गुंजा की तहरीर तो अपने हाथ से लिखी, लेकिन कुलदीप की रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया.
परिवार वालों के मुताबिक शुक्रवार रात गुंजा, उसकी बहन रीना, भाई अमित और बहनोई सतीश ने कुलदीप को घर बुलाया और बुरी तरह मारपीट की. मारपीट के बाद बेहोश हालत में उन्हें मुख्य डाकघर के पास फेंक दिया. आहत कुलदीप ने जहर खा लिया. कुलदीप ने अपने वीडियो और सुसाइड नोट में सारी बातें साफ-साफ बताई हैं. उन्होंने लिखा कि पहली पत्नी से तलाक के बाद गुंजा ने उन्हें फंसाया. घर से 70 हजार रुपये गायब हुए, जो बाद में गुंजा के परिवार के खाते में मिले.
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित कर दी गई है. पुलिस अब सभी पहलुओं की जांच कर रही है. कुलदीप के पिता ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाया है और कहा है कि उनके बेटे को न्याय नहीं मिला.