BTS के Grammy फैसले पर Stray Kids ने तोड़ी चुप्पी, अवॉर्ड को लेकर कही बड़ी बात

Stray Kids ने Grammy Awards के लिए BTS द्वारा अपना एल्बम जमा न करने के फैसले पर सीधे टिप्पणी नहीं की.

X
Ashutosh Rai

K-Pop की दुनिया में BTS के Grammy Awards से जुड़े फैसले के बीच Stray Kids का बयान सामने आया है. हालांकि, ग्रुप के सदस्यों ने BTS का नाम लेकर इस मुद्दे पर अपनी राय नहीं रखी. उन्होंने कहा कि उनके लिए अवॉर्ड या रिकॉर्ड से ज्यादा जरूरी अच्छा संगीत बनाना और फैंस तक अपनी बात पहुंचाना है.

BTS के फैसले पर Stray Kids ने नहीं दिया सीधा जवाब

Stray Kids से उनके नए मिनी एल्बम "THIS & That" की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान Grammy Awards से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी. इस सवाल के जवाब में सदस्य Seungmin ने किसी खास कलाकार या ग्रुप का नाम लेने के बजाय अपने संगीत को लेकर टीम की सोच बताई. उन्होंने कहा कि Stray Kids अपने गाने, परफॉर्मेंस और लिरिक्स बाहरी लोगों की राय को ध्यान में रखकर तैयार नहीं करता. उनके मुताबिक ग्रुप हमेशा इस बात पर ध्यान देता है कि वे अपने संगीत के जरिए कौन सी कहानी और भावनाएं लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं. Seungmin ने यह भी कहा कि दुनिया भर में K-Pop को मिल रहे प्यार से वे खुश हैं और अलग-अलग देशों के लोगों तक उनका संगीत पहुंचना उन्हें लगातार बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है.

Stray Kids के लिए संगीत सबसे पहली प्राथमिकता

ग्रुप के सदस्य Hyunjin ने भी इसी सोच को आगे बढ़ाया. उन्होंने कहा कि Stray Kids ने डेब्यू के बाद से कभी पुरस्कार या रिकॉर्ड को अपना मुख्य लक्ष्य बनाकर काम नहीं किया. उनके अनुसार नए एल्बम के साथ भी टीम का यही नजरिया रहेगा. ग्रुप अपने संगीत और परफॉर्मेंस के जरिए लोगों को अपनी मेहनत दिखाना चाहता है. Hyunjin ने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता फैंस को खुश करना है. इस बयान से साफ है कि Stray Kids फिलहाल किसी अवॉर्ड की दौड़ में खुद को सीमित करने के बजाय अपने संगीत और दर्शकों के साथ जुड़ाव पर ध्यान देना चाहता है. ग्रुप में Seungmin, Hyunjin, Felix, Bang Chan, Han और Lee Know शामिल हैं.


BTS ने Grammy के लिए एल्बम जमा नहीं करने का लिया फैसला

Stray Kids के ये बयान उस समय आए हैं जब BTS ने इस साल Grammy Awards के लिए अपना नया एल्बम जमा नहीं करने का फैसला किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला 'Best Asian Pop Music Performance' कैटेगरी बनाए जाने के बाद लिया गया है. BTS के इस कदम ने K-Pop फैंस के बीच चर्चा बढ़ा दी है. वहीं Stray Kids ने इस पूरे मामले में सीधे तौर पर BTS का समर्थन या विरोध नहीं किया और अपने जवाब को संगीत को लेकर अपनी सोच तक सीमित रखा.