Sridevi Birth Anniversary: चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की करियर की शुरुआत, 'बॉलीवुड की चांदनी' के बारे में जानें अनसुने किस्से

मात्र चार साल की उम्र में दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने तमिल फिल्म 'कंधन करुणई' से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम शुरू किया. नौ साल की उम्र में 'रानी मेरा नाम' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा. मेहनत और लगन के बल पर वे धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाती गईं.

Pinterest
Antima Pal

Sridevi Birth Anniversary: अगर दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी आज हमारे बीच होतीं तो 13 अगस्त 2026 को अपना 63वां जन्मदिन धूमधाम से मनातीं. तमिलनाडु के छोटे से गांव मीनमपट्टी में 13 अगस्त 1963 को जन्मीं श्रीदेवी का पूरा नाम श्री अम्मा यंगर अय्यप्पन था. सिनेमा जगत में उन्हें 'बॉलीवुड की चांदनी' के नाम से याद किया जाता है.

'बॉलीवुड की चांदनी' की बर्थ एनिवर्सरी पर जानें अनसुने किस्से 

मात्र चार साल की उम्र में उन्होंने तमिल फिल्म 'कंधन करुणई' से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में काम शुरू किया. नौ साल की उम्र में 'रानी मेरा नाम' से हिंदी सिनेमा में कदम रखा. मेहनत और लगन के बल पर वे धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाती गईं. 19 साल की उम्र में अमोल पालेकर के साथ 'सोलवा सावन' से मुख्य अभिनेत्री के रूप में बॉलीवुड डेब्यू किया.


जीतेंद्र के साथ बनी 'हिम्मतवाला' उनके करियर की बड़ी सफलता साबित हुई. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार किया और दोनों ने मिलकर 16 फिल्में कीं. 'सदमा' में उनकी बेहतरीन अदाकारी को खूब सराहा गया और इसके लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार भी मिला.

2013 में 'इंग्लिश विंग्लिश' से की शानदार वापसी

'मिस्टर इंडिया', 'नगीना' और 'चांदनी' जैसी फिल्मों ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया. लंबे अंतराल के बाद 2013 में 'इंग्लिश विंग्लिश' से उन्होंने शानदार वापसी की. इसके बाद 2018 में आई 'मॉम; में भी उनकी दमदार अदाकारी देखने को मिली.

साल 2018 में दुनिया को कहा अलविदा

24 फरवरी 2018 को दुबई के एक होटल में उनकी अचानक मृत्यु हो गई. पति बोनी कपूर ने उन्हें बाथटब में मृत पाया. पहले इसे हृदय गति रुकने का मामला बताया गया, बाद में आकस्मिक डूबने की बात कही गई. उनकी मौत आज भी कई सवाल छोड़ गई है. श्रीदेवी की यादें उनकी फिल्मों और अदाकारी के जरिए आज भी जिंदा हैं.