कौन हैं 24 साल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चिन्नू पप्पू? किराए के घर में फंदे से लटकी मिली, सुसाइड से फैंस सदमे में

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चिन्नू पप्पू, जो कासरगोड के अदूर की रहने वाली थीं, आज मृत पाई गईं. उनका शव एक किराए के मकान में लटका हुआ मिला. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती होते ही मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है.

x
Antima Pal

कासरगोड: केरल के कासरगोड जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चिन्नू पप्पू की दुखद मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है. 24 साल की युवा इन्फ्लुएंसर का शव उनके किराए के मकान में फंदे से लटका मिला. पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच शुरू कर दी है. यह घटना सोमवार को हुई, जिसने सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स को गहरा सदमा पहुंचाया है.

फंदे से लटका मिला इन्फ्लुएंसर का शव

चिन्नू पप्पू का असली नाम रेशमा था. वे कासरगोड जिले के अडूर गांव (देलम्पाडी पंचायत) की रहने वाली थीं. ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली रेशमा ने सोशल मीडिया पर अपनी सादगी और असली कंटेंट से खूब नाम कमाया. इंस्टाग्राम पर उनके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. वे मुख्य रूप से तुलु भाषा में वीडियो बनाती थीं, जिसमें गांव की जिंदगी, लोकल व्यंजन, अनदेखी जगहें और रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातें दिखाती थीं. 

पुलिस ने शुरू की जांच

उनकी पोस्ट्स हफ्ते में सिर्फ एक-दो होती थीं, लेकिन वे काफी पसंद की जाती थीं. फैंस उन्हें उनकी सहजता और गांव की संस्कृति को जीवंत तरीके से दिखाने के लिए फॉलो करते थे. घटना कासरगोड शहर के पास उलियाथडक्का इलाके में उनके किराए के फ्लैट में हुई. दोपहर में पड़ोसियों ने उन्हें फंदे से लटके हालत में देखा. तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

शादी टूटने के महज एक महीने बाद हुई यह घटना

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का संदेह जताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार रेशमा हाल ही में तलाकशुदा थीं. उनकी शादी टूटने के महज एक महीने बाद यह घटना हुई. वे एक 4 साल के बच्चे की मां थीं, जिन्हें वे पीछे छोड़ गई हैं. परिवार ने बताया कि वे अकेले रहती थीं और कुछ समय से परेशान चल रही थीं. हालांकि मौत का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. 

पुलिस उनके मोबाइल, सोशल मीडिया एकाउंट और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. कोई सुसाइड नोट मिलने की खबर नहीं है. चिन्नू पप्पू की मौत ने सोशल मीडिया पर युवा क्रिएटर्स की मेंटल हेल्थ पर बहस छेड़ दी है. पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही और जानकारी सामने आएगी.