विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन को लेकर चर्चा में है. नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित इस डिवोशनल ड्रामा ने कम बजट में बड़ी कमाई करके सबको चौंका दिया है. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है. फिल्म में नीम करौली बाबा के युवा रूप की भूमिका एक्टर शोभिनव सत्या ने निभाई है. खास बात यह है कि बतौर लीड एक्टर यह उनकी पहली फीचर फिल्म है. हालांकि कैमरे के सामने आने से पहले ही शोभिनव फिल्म और टेलीविजन की दुनिया में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं. आइए जानते हैं उनके बारे में.
शोभिनव सत्या मूल रूप से लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं. एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले उन्होंने पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से अभिनय की औपचारिक ट्रेनिंग हासिल की. इसके अलावा वह Opulent School of Acting and Films में एक्टिंग भी सिखा चुके हैं. यानी एक्टिंग में उनकी दिलचस्पी सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने इसे बतौर प्रशिक्षक भी अपनाया है. कैमरे के सामने बतौर एक्टर पहचान बनाने से पहले शोभिनव ने इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर, सेकंड यूनिट डायरेक्टर और स्क्रिप्ट/कंटिन्यूटी सुपरवाइजर जैसी जिम्मेदारियां संभालीं. इस अनुभव ने उन्हें फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझने का मौका दिया.
‘हनुमान अंश’ से पहले भी शोभिनव सत्या मनोरंजन जगत से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने CID, Ragini MMS Returns, Happily Ever After और Mahapaur जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है. हालांकि इन कामों के बावजूद उन्हें बतौर लीड एक्टर बड़ी पहचान ‘हनुमान अंश’ से मिली.
दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव सत्या को फिल्म में मुख्य भूमिका मिलने की कहानी भी काफी अलग है. वह शुरुआत में फिल्म की प्रोडक्शन टीम का हिस्सा थे और असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे. इसी दौरान निर्देशक विशाल चतुर्वेदी की नजर उनके अभिनय कौशल पर पड़ी. निर्देशक ने शोभिनव को नीम करौली बाबा की भूमिका के लिए स्क्रीन टेस्ट देने को कहा.
इसके बाद उनका करीब पांच घंटे लंबा स्क्रीन टेस्ट हुआ. इस टेस्ट के बाद उन्हें फिल्म में युवा नीम करौली बाबा का किरदार निभाने के लिए चुना गया. इस तरह जो एक्टर फिल्म के निर्माण में पर्दे के पीछे काम कर रहा था, वही आगे चलकर इसकी मुख्य भूमिका का चेहरा बन गया.