'मैं ऐसी हालत में थी कि सुसाइड कर लूं...', झूठे सेक्शुअल हैरेसमेंट केस पर ट्रोल होने पर बोलीं शिल्पा शिंदे

टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद उठे विवाद पर अपना रिएक्शन दिया है. सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को अलग करके पेश किया जा रहा है और उस समय वह बेहद कठिन मानसिक दौर से गुजर रही थीं.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे एक बार फिर सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक पॉडकास्ट में दिए गए उनके बयान ने सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी है. पुराने विवाद से जुड़े उनके खुलासे के बाद इंटरनेट पर उनकी जमकर ट्रोलिंग हुई और कई लोगों ने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई. अब एक्ट्रेस ने सामने आकर इस पूरे विवाद पर अपनी सफाई दी है. दरअसल, एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने अपने करियर के सबसे चर्चित विवादों में से एक का जिक्र किया था. उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कई यूजर्स ने एक्ट्रेस की आलोचना की और उनके पुराने मामले को लेकर सवाल उठाए.

ट्रोलिंग पर शिल्पा शिंदे का जवाब

सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बीच शिल्पा शिंदे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है. वीडियो के साथ उन्होंने एक संदेश भी लिखा, जिसमें उन्होंने कहा कि लोग पूरी बातचीत सुने बिना सिर्फ एक हिस्से के आधार पर फैसला सुना रहे हैं. एक्ट्रेस का कहना है कि किसी भी बयान को उसके पूरे संदर्भ में समझना जरूरी होता है. वीडियो में शिल्पा ने कहा कि वह आमतौर पर सोशल मीडिया कमेंट नहीं पढ़तीं क्योंकि उन्हें अपने फैंस के समर्थन पर भरोसा है. हालांकि हाल के दिनों में जिस तरह के रिएक्शन सामने आए हैं, उसके बाद उन्होंने अपनी बात रखने का फैसला किया.

शिल्पा शिंदी ने सच बोलने की बताई वजह

एक्ट्रेस ने कहा कि लोग बिना परिस्थितियों को समझे तरह तरह की बातें लिख रहे हैं. उनके मुताबिक दुनिया अक्सर किसी व्यक्ति के संघर्ष को समझने के बजाय उसके एक बयान को पकड़कर फैसला सुना देती है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि उनके बयान के बाद ऐसी रिएक्शन सामने आ सकते हैं. शिल्पा शिंदे ने यह भी साफ किया कि वह किसी के सामने खुद को सही साबित करने की कोशिश नहीं कर रही हैं. उनके मुताबिक उन्होंने जो कहा, वह अपनी अंतरात्मा की आवाज पर कहा. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से इस बात को अपने मन में लेकर चल रही थीं और एक समय ऐसा आया जब उन्हें लगा कि सच सामने रखना जरूरी है.