Shamita Shetty Slams Troll: अभिनेत्री शमिता शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक ट्रोल को जमकर लताड़ा है. ट्रोल उनकी उम्र को लेकर तंज कस रहा था. शमिता ने इस मामले को अपने स्टोरी पर शेयर करते हुए ट्रोल की प्रोफाइल की स्क्रीनशॉट भी पोस्ट की. ट्रोल का नाम पंकज मित्तल बताया जा रहा है.
ट्रोल ने शमिता की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा था, "आपकी उम्र हो गई है, पहले वाली बात नहीं रही." इसके अलावा शादी को लेकर भी तीखा कमेंट किया, "अगर शादी टाइम पर कर लेती तो आपके बच्चे आज बड़े हो गए होते."
शमिता शेट्टी ने इस पर शानदार जवाब दिया. उन्होंने लिखा, "हां, मैं पहले जैसी नहीं दिखूंगी. समय के साथ चीजें बदलती हैं, ये जीवन का स्वाभाविक नियम है. कुछ भी हमेशा नहीं रहता, खासकर शारीरिक रूप. लेकिन अपनी उम्र में मैं स्वस्थ हूं, फिट हूं और दिल से खुश हूं. भगवान ने जो दिया है, उसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं. बस यही मायने रखता है."
शादी वाले कमेंट पर शमिता ने और सख्ती से जवाब दिया. उन्होंने लिखा, "तो? आपने जो कहा वो तो साफ है... तो क्या? शादी करके क्या उखाड़ लिया भाई? सबसे जरूरी बात ये है कि आप हम सिंगल महिलाओं को फॉलो क्यों करते हैं? हमें उम्र दिखाकर शर्मिंदा करने के लिए? अपना पुरुषप्रधान, गुफा-युग जैसा सोच हमें क्यों थोपते हो?'
शमिता ने आगे कहा- 'प्लीज मुझे फेवर करो और तुरंत अनफॉलो कर दो.' यह घटना सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. कई लोग शमिता के साहस की तारीफ कर रहे हैं. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उम्र बढ़ना कोई अपराध नहीं है और हर महिला को अपनी मर्जी से जीवन जीने का पूरा अधिकार है. शादी न करना या देर से करना किसी की व्यक्तिगत पसंद है, इसे लेकर दूसरों को टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं.
शमिता शेट्टी बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री हैं. 'मोहब्बतें', 'जेवर' जैसी फिल्मों में काम करने के अलावा रियलिटी शोज में भी उन्होंने अपनी पहचान बनाई है. वह हमेशा फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती हैं. इस बार उन्होंने सिर्फ ट्रोल का जवाब नहीं दिया, बल्कि उन हजारों महिलाओं की आवाज भी बनीं जो रोज सोशल मीडिया पर ऐसे नकारात्मक कमेंट्स का सामना करती हैं.