Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है. अब इस केस पर बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने भी तेज प्रतिक्रिया दी है. ममता ने खुलकर नाराजगी जताते हुए कहा कि ट्विशा के साथ जो हुआ, वह बिल्कुल गलत है. उन्होंने सवाल उठाया कि मां-बाप को अपनी बेटी की शादी ऐसे घर में नहीं करनी चाहिए जहां परिवार असक्षम हो.
मीडिया से बात करते हुए ममता कुलकर्णी ने कहा- 'पेरेंट्स को असक्षम घर में अपनी बेटियों की शादी नहीं करनी चाहिए. आपने कभी बड़े घर वाले लोगों को भिखारी जैसे घर में अपनी बेटी की शादी करते देखा है? '
ममता ने ट्विशा की सास पर भी सवाल उठाया. उन्होंने बताया- 'सास ने कहा कि ट्विशा को खाना बनाना नहीं आता था और न जाने क्या-क्या कहा. दादी-नानी के जमाने में भी क्या लड़कियों को शादी से पहले खाना बनाना आता था? अगर ट्विशा को खाना नहीं बनाना आता था तो उन्हें सिखा देना चाहिए था. सिर्फ 5 महीने की शादी में उसे बच्चे पैदा करने की मशीन बना दिया गया.'
अभिनेत्री ने आगे कहा कि शादी में पति-पत्नी को बराबर चलना चाहिए. प्यार में इंसान सब कुछ सीख जाता है. किसी भी लड़की पर जुल्म करना कोई व्यापार नहीं है. ममता का कहना है कि रिश्ते बनाने के लिए समझदारी और प्यार जरूरी है, न कि ताने और दबाव.
ट्विशा शर्मा की शादी भोपाल में हुई थी. शादी को महज कुछ महीने ही हुए थे कि उनकी मौत हो गई. परिवार ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग और प्रताड़ना का आरोप लगाया है. मामले की जांच अब सीबीआई कर रही है. इस घटना ने समाज में दहेज, घरेलू हिंसा और नवविवाहित लड़कियों की सुरक्षा को लेकर फिर से बहस छेड़ दी है.
ममता कुलकर्णी अपनी खुलकर बोलने वाली स्टाइल के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने पहले भी कई सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी है. ट्विशा मामले में उनका बयान कई लोगों के दिल की बात कहता नजर आ रहा है. सोशल मीडिया पर भी इस केस को लेकर गुस्सा देखा जा रहा है. कई महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता ममता के बयान से सहमत नजर आ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि लड़कियों को सिर्फ घर संभालने और बच्चे पैदा करने का औजार समझना गलत है.