'एक फैन ने 150 करोड़ की संपत्ति मेरे नाम कर दी थी और उसकी मौत हो गई...', संजय दत्त का बड़ा खुलासा

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त ने एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि साल 2018 में उनकी एक महिला प्रशंसक ने अपनी संपत्ति, जिसकी कीमत करीब 150 करोड़ रुपये थी, उनके नाम कर दी थी. हालांकि, संजय दत्त ने साफ कह दिया कि उन्हें इस संपत्ति पर कोई अधिकार नहीं है और उन्होंने यह सब वापस महिला के परिवार को लौटा दिया.

web
Kuldeep Sharma

संजय दत्त ने हाल ही में 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' पर शिरकत करते हुए अपने जीवन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसने हर किसी को चौंका दिया. उन्होंने बताया कि उनकी एक ऐसी फैन थीं, जिनसे उनकी कभी मुलाकात तक नहीं हुई थी, लेकिन उन्होंने अपनी पूरी संपत्ति उनके नाम कर दी थी.

हालांकि, संजय ने यह संपत्ति स्वीकार करने से इनकार कर दिया और शर्त रखी कि इसे महिला के परिवार द्वारा सही तरीके से उपयोग किया जाना चाहिए।

फैन का अनोखा प्यार

संजय दत्त ने कार्यक्रम में कहा कि दुनिया में तरह-तरह के फैन होते हैं. उन्होंने याद किया कि एक दिन उन्हें पुलिस स्टेशन से कॉल आया. पहले तो उन्हें लगा कि वे किसी नई परेशानी में फंस गए हैं, लेकिन जब हकीकत सामने आई तो वे खुद भी चौंक गए. पुलिस ने बताया कि एक महिला फैन का निधन हो गया है और उसने अपनी पूरी संपत्ति उनके नाम लिख दी है.


150 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

संजय दत्त ने बताया कि वह संपत्ति मुंबई के दक्षिणी हिस्से में स्थित इमारतों और अन्य जगहों पर फैली हुई थी. कुल मिलाकर उसकी कीमत लगभग 150 करोड़ रुपये थी. संजय ने कहा 'मैंने अधिकारियों से साफ कहा कि मैं उस महिला को जानता तक नहीं था. हो सकता है वह मेरी फैन रही हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मुझे उसकी संपत्ति का वारिस बनना चाहिए.'

परिवार को लौटाई संपत्ति

अभिनेता ने आगे कहा कि उन्होंने महिला के परिवार से संपर्क किया और सारी संपत्ति वापस कर दी. उन्होंने केवल एक शर्त रखी कि इस संपत्ति का उपयोग सही तरीके से किया जाए और इसे बर्बाद न किया जाए. संजय दत्त के इस कदम ने न सिर्फ उनके फैंस बल्कि पूरे देश में लोगों का दिल जीत लिया.

पहले भी कर चुके हैं जिक्र

गौरतलब है कि संजय दत्त ने इससे पहले भी एक इंटरव्यू में इस घटना का जिक्र किया था. महिला का नाम निशा पाटिल था, जिनकी साल 2018 में गंभीर बीमारी से मौत हो गई थी. उन्होंने अपने निधन से पहले सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली थी और बैंक से भी इस बारे में बातचीत की थी. बाद में संजय दत्त के वकीलों ने उनके परिवार से संपर्क साधा और संपत्ति वापस कर दी.