'सरके चुनर तेरी सरके' विवाद को लेकर संजय दत्त ने NCW के सामने मांगी माफी, 50 लड़कियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का किया ऐलान
संजय दत्त सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए. फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर उठे विवाद पर उन्हें सफाई देनी पड़ी. इस गाने में नोरा फतेही भी नजर आ रही हैं. गाने के बोल और वीडियो को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया था, जिसके बाद NCW ने संजय दत्त और नोरा फतेही को नोटिस जारी किया था.
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त सोमवार को राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुए. फिल्म 'केडी: द डेविल' के गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर उठे विवाद पर उन्हें सफाई देनी पड़ी. इस गाने में नोरा फतेही भी नजर आ रही हैं. गाने के बोल और वीडियो को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताया गया था, जिसके बाद NCW ने संजय दत्त और नोरा फतेही को नोटिस जारी किया था.
'सरके चुनर' विवाद को लेकर संजय दत्त ने NCW के सामने मांगी माफी
संजय दत्त के वकील हेमंत शाह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि संजय दत्त को गाने के बोलों का मतलब नहीं पता था. गाना दूसरी भाषा में रिकॉर्ड किया गया था और वे उस भाषा को नहीं समझते. फिर भी महिलाओं और आयोग का सम्मान करते हुए संजय ने बिना शर्त माफी मांग ली. साथ ही उन्होंने एक अच्छा कदम उठाते हुए 50 लड़कियों की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का वादा किया है.
यह विवाद मार्च में गाने के रिलीज होते ही शुरू हो गया था. सोशल मीडिया पर लोगों ने गाने के बोल और डांस को लेकर काफी आलोचना की. कई लोगों का कहना था कि मनोरंजन के नाम पर महिलाओं को गलत तरीके से दिखाया जा रहा है. NCW ने भी इस पर स्वतः संज्ञान लिया और गाने को अश्लील करार दिया. आयोग की चेयरपर्सन विजया रहातकर की अध्यक्षता में सुनवाई हुई, जिसमें महिलाओं की गरिमा को बनाए रखने पर जोर दिया गया.
संजय दत्त ने आयोग के सामने लिखित माफी भी दी. उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था. वकील के मुताबिक संजय दत्त महिलाओं के प्रति सम्मान रखते हैं और इस पूरे मामले में वे जागरूकता बढ़ाने के पक्ष में हैं. गाने को यूट्यूब से पहले ही हटा लिया गया था. यह घटना बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय सिनेमा में महिलाओं के चित्रण को लेकर फिर से बहस छेड़ गई है.