सलमान से शाहरुख और टाइगर तक, जानें किस बॉलीवुड स्टार को मिली कितनी सुरक्षा

सलमान खान, शाहरुख खान, कंगना रनौत, अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, अनुपम खेर और विवेक अग्निहोत्री समेत कई बॉलीवुड हस्तियों को अलग-अलग स्तर की सुरक्षा मिली है.

Pinterest
Km Jaya

बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को खतरे की आशंका या सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से सुरक्षा कवर दिया गया है. सलमान खान और शाहरुख खान जैसे सितारों को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है, जबकि कुछ कलाकारों को X कैटेगरी या स्थानीय पुलिस की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है. हाल ही में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है.

सलमान खान की सुरक्षा नवंबर 2022 में बढ़ाकर Y+ कैटेगरी की गई थी. यह फैसला लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित धमकियों के बाद लिया गया था. उनकी सुरक्षा में मुंबई पुलिस के करीब 11 से 12 जवान शामिल रहते हैं. इनमें चार हथियारबंद कमांडो भी बताए जाते हैं. अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सलमान की सुरक्षा और मजबूत की गई थी.

शाहरुख खान की भी Y+ सुरक्षा

शाहरुख खान को अक्टूबर 2023 में Y+ कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने धमकियों के बाद महाराष्ट्र सरकार से सुरक्षा की मांग की थी. उनकी सुरक्षा का खर्च अभिनेता खुद उठाते हैं.


कंगना रनौत को केंद्र से Y+ सुरक्षा

कंगना रनौत को सितंबर 2020 में केंद्र सरकार ने Y+ सुरक्षा दी थी. मुंबई को लेकर उनके एक बयान के बाद विवाद बढ़ गया था और उन्हें मुंबई लौटने पर कथित तौर पर धमकियों का सामना करना पड़ा था.

अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार को X कैटेगरी सुरक्षा

अमिताभ बच्चन को X कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है. इस व्यवस्था में दो सुरक्षा कर्मी अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहते हैं, जिनमें एक निजी सुरक्षा अधिकारी भी शामिल होता है. अक्षय कुमार को भी X कैटेगरी की सुरक्षा मिली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन सुरक्षा व्यवस्थाओं का खर्च संबंधित सेलिब्रिटी खुद उठाते हैं.

अनुपम खेर को भी मिली X सुरक्षा

फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज के बाद खतरे के आकलन के आधार पर अनुपम खेर को X कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी. फिल्म की रिलीज के बाद उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिली थीं.

आमिर खान को स्थायी तौर पर किसी एक विशेष सुरक्षा कैटेगरी के बजाय जरूरत के अनुसार स्थानीय पुलिस सुरक्षा या निजी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है. जुलाई 2026 में बांद्रा वेस्ट स्थित उनके पाली हिल आवास के बाहर कथित धमकी भरे कॉल और सोशल मीडिया ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस ने कुछ समय के लिए सुरक्षा बढ़ाई थी.

विवेक अग्निहोत्री को Y कैटेगरी

'द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज के बाद बढ़े खतरे के आकलन के बीच मार्च 2022 में फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री को केंद्र सरकार की ओर से Y कैटेगरी की सुरक्षा दी गई थी.

टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर बढ़ी सुरक्षा

मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने उनके घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी. पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती और निगरानी बढ़ाई है.

रोहित शेट्टी के घर के पास भी बढ़ी सुरक्षा

रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के पास गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच ने इलाके में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी.

खतरे के हिसाब से बदलती है सुरक्षा

बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा व्यवस्था स्थायी नहीं होती. एक राज्य स्तरीय समिति नियमित रूप से खतरे का आकलन करती है. इसी आकलन के आधार पर किसी सेलिब्रिटी की सुरक्षा बढ़ाई, घटाई या पूरी तरह वापस ली जा सकती है. इसके अलावा कई दूसरे कलाकारों को भी जरूरत के मुताबिक मुंबई पुलिस की सामान्य या स्थानीय सुरक्षा उपलब्ध रहती है.