मुंबई: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के घर 'शेट्टी टावर' के बाहर रविवार तड़के फायरिंग की घटना ने पूरे मनोरंजन जगत में हड़कंप मचा दिया है. 1 फरवरी 2026 की देर रात करीब 12:40 से 1:00 बजे के बीच अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर 4 से 5 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. इस दौरान रोहित शेट्टी घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन खुशकिस्मती से किसी को कोई चोट नहीं आई.
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में भारी सुरक्षा बढ़ा दी गई. फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस ने एक व्यक्ति को पुणे से हिरासत में लिया है, जिसे घटना से जुड़ा माना जा रहा है. शुरुआती जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें शुभम लॉन्कर आरजू बिश्नोई और हरमन संधू हरि बॉक्सर नामक लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली.
पोस्ट में लिखा गया- 'राम राम जय बजरंग बली... आज मुंबई में शेट्टी टावर पर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग हुई है. इसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं. हमने कई बार मैसेज किया कि हमारे काम में दखल न दें, लेकिन नहीं माने. ये छोटा सा ट्रेलर है. अगर आगे नहीं समझे तो अब घर के बाहर नहीं, बेडरूम में गोली चलेगी. इसकी छाती पर... और पूरे बॉलीवुड को चेतावनी है.' यह धमकी काफी गंभीर है और बॉलीवुड में डर का माहौल पैदा कर रही है.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग पहले भी कई सेलेब्स को टारगेट कर चुका है, जैसे सलमान खान के घर पर 2024 में हुई फायरिंग, जिसकी भी जिम्मेदारी इसी गैंग ने ली थी. पुलिस इस पोस्ट की जांच कर रही है और यह देख रही है कि क्या यह असली है या फेक. रोहित शेट्टी 'सिंघम', 'गोलमाल', 'सूर्यवंशी' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. वे एक्शन फिल्मों के मास्टर कहलाते हैं और फिलहाल नई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं.
बॉलीवुड से जुड़े कई लोग इसकी निंदा कर रहे हैं और सेलेब्स की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी एंगल्स पर काम किया जा रहा है. अभी तक हमले का सटीक मकसद स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन गैंगस्टर कनेक्शन की जांच हो रही है.