कपूर खानदान की लाडली ने की बॉलीवुड में एंट्री, बेटी को स्क्रीन पर देख झूमी मां; एक ही फिल्म में दिखेंगी कपूरों की 3 पीढ़ियां
कपूर परिवार की नई पीढ़ी अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही है. ऋषि कपूर की पोती और रिद्धिमा कपूर साहनी की बेटी समारा साहनी फिल्म दादी की शादी से स्क्रीन पर नजर आने वाली हैं.
मुंबई: बॉलीवुड के सबसे नामी परिवारों में गिने जाने वाले कपूर खानदान से अब एक और नया चेहरा फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहा है. दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर की पोती और रिद्धिमा कपूर साहनी की बेटी समारा साहनी जल्द ही अपनी पहली ऑन स्क्रीन झलक दिखाने वाली हैं. महज 15 साल की उम्र में समारा का यह डेब्यू सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.
समारा आने वाली फिल्म दादी की शादी में नजर आएंगी, जो 8 मई को रिलीज होने जा रही है. बता दें की इस फिल्म के जरिए सिर्फ समारा ही नहीं बल्कि उनकी मां रिद्धिमा कपूर साहनी भी अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर रही हैं. फिल्म में दिग्गज एक्ट्रेस नीतू कपूर भी अहम किरदार निभा रही हैं. ऐसे में यह प्रोजेक्ट कपूर परिवार की तीन पीढ़ियों को एक साथ स्क्रीन पर लाने वाला बेहद खास मौका बन गया है.
गाने में दिखेगी समारा की पहली झलक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, समारा साहनी फिल्म के गाने सेंटी में अपनी मां रिद्धिमा और दादी नीतू कपूर के साथ नजर आएंगी. हालांकि उनकी मौजूदगी छोटी होगी, लेकिन परिवार और फैंस के लिए यह पल बेहद खास माना जा रहा है. रिद्धिमा कपूर साहनी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी बेटी के डेब्यू को लेकर बात की. उन्होंने कहा कि एक मां के लिए अपने बच्चे को पहली बार स्क्रीन पर देखना बेहद भावुक और गर्व से भरा अनुभव होता है.
रिद्धिमा ने कहा कि समारा की झलक छोटी जरूर है, लेकिन बहुत प्यारी है. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी बेटी को कैमरे के सामने देखा तो वह पल उनके लिए हमेशा यादगार बन गया.
कपूर परिवार की परंपरा में बड़ा बदलाव
कपूर परिवार लंबे समय तक अपनी बेटियों को फिल्मों से दूर रखने के लिए जाना जाता था. लेकिन समय के साथ यह परंपरा बदली और करिश्मा कपूर ने सबसे पहले फिल्मों में कदम रखकर इतिहास रचा. इसके बाद करीना कपूर खान ने भी बॉलीवुड में अपनी मजबूत पहचान बनाई. अब समारा साहनी का डेब्यू यह दिखाता है कि कपूर परिवार की नई पीढ़ी भी फिल्मों की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार है. हालांकि समारा अभी अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही हैं, लेकिन सोशल मीडिया और पैपराजी की दुनिया में वह पहले से ही एक जाना पहचाना चेहरा बन चुकी हैं.
अक्सर उन्हें अपनी मां रिद्धिमा और नानी नीतू कपूर के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में देखा जाता है. उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होते रहते हैं.