T20 World Cup 2026

'बेटा समझ कर माफ कर देंगे...', 'टटीरी' सॉन्ग विवाद पर रैपर बादशाह ने तोड़ी चुप्पी, हरियाणा के लोगों से मांगी माफी; Video

बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने 'टटीरी' के कारण बड़े विवाद में फंस गए हैं. गाने के लिरिक्स और वीडियो में कुछ हिस्सों को आपत्तिजनक बताकर सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा. खासकर हरियाणा में लोगों ने इसे महिलाओं और नाबालिगों की इज्जत के खिलाफ माना.

x
Antima Pal

मुंबई: पॉपुलर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने 'टटीरी' के कारण बड़े विवाद में फंस गए हैं. गाने के लिरिक्स और वीडियो में कुछ हिस्सों को आपत्तिजनक बताकर सोशल मीडिया पर भारी बवाल मचा. खासकर हरियाणा में लोगों ने इसे महिलाओं और नाबालिगों की इज्जत के खिलाफ माना. खाप पंचायतों, महिला आयोग और पुलिस तक शिकायत पहुंची, जिसके बाद FIR दर्ज हुई और गाना यूट्यूब से हटा दिया गया. 

हरियाणा पुलिस ने लोकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. विवाद के बाद बादशाह ने आखिरकार अपना पक्ष रखा. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें दिल से माफी मांगी. बादशाह ने कहा, 'मेरा नया गाना 'टटीरी' रिलीज हुआ है और मुझे पता चला कि इसके लिरिक्स और विजुअल्स से बहुत से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, खासकर मेरी अपनी हरियाणवी कम्युनिटी की. मैं खुद हरियाणा से हूं. जो मुझे जानते हैं, वो जानते हैं कि मेरी भाषा, खान-पान, लाइफस्टाइल सब हरियाणवी है. मैं बहुत गर्व से हरियाणवी हूं. मैंने कभी किसी हरियाणा की बच्ची या औरत के बारे में कोई अपमानजनक बात नहीं कही.'

उन्होंने आगे समझाया कि हिप-हॉप जॉनर में रैपर्स अक्सर एक-दूसरे पर तंज कसते हैं या कॉम्पिटिशन दिखाते हैं. गाने का इरादा भी यही था, किसी महिला या बच्ची को टारगेट नहीं किया गया. लेकिन अगर किसी को ठेस पहुंची है, तो दिल से माफी मांगता हूं. उन्होंने कहा, 'अगर गाने का कोई भी हिस्सा आपको बुरा लगा, तो मैं पूरे दिल से माफी मांगता हूं. उम्मीद है आप मुझे हरियाणा का बेटा समझ कर माफ कर देंगे.'

बादशाह ने यह भी बताया कि गाना हर जगह से हटाया जा रहा है. वीडियो में वे भावुक नजर आए और अपनी हरियाणवी पहचान पर जोर दिया. फैंस ने कमेंट्स में सपोर्ट किया, कई ने लिखा "हम आपके साथ हैं ब्रो" और "माफ कर देते हैं". हालांकि कुछ लोग अभी भी नाराज हैं. यह मामला हरियाणा महिला आयोग में भी पहुंचा है, जहां 13 मार्च को सुनवाई होनी है.

बादशाह को स्पष्टीकरण देना होगा. विवाद के बावजूद बादशाह के फैंस उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं और कह रहे हैं कि उनका इरादा कभी गलत नहीं था. देखना होगा कि आगे क्या होता है, लेकिन बादशाह ने माफी मांगकर स्थिति को संभालने की कोशिश की है.