BRICS 2026 IMD Weather

रणवीर सिंह को मिली धमकी का मामला गहराया, अमेरिकी नंबर से आया था वॉइस नोट, लॉरेंस बिश्‍नोई गैंग के हैरी बॉक्‍सर से जुड़ रहे तार

रणवीर सिंह को मिली धमकी का मामला अब और गहरा हो गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग के साथ धमकी भरा वॉइस नोट मिला था, जो अमेरिकी नंबर से भेजा गया था. यह धमकी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी बताई जा रही है.

x
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह को मिली धमकी का मामला अब और गहरा हो गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें 10 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग के साथ धमकी भरा वॉइस नोट मिला था, जो अमेरिकी नंबर से भेजा गया था. यह धमकी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी बताई जा रही है और इसमें गैंग के प्रमुख गुर्गे हैरी बॉक्सर (हैरी चंद जाट उर्फ हैरी बॉक्सर) का हाथ होने का संदेह है. 

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इसकी जांच शुरू कर दी है और रणवीर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. मामला तब सामने आया जब रणवीर सिंह के मैनेजर को 10 फरवरी को व्हाट्सऐप पर पहला धमकी भरा वॉइस नोट मिला. इसमें हैरी बॉक्सर ने कथित तौर पर कहा कि अगर 10 करोड़ रुपये नहीं दिए गए तो रणवीर के पूरे स्टाफ को खत्म कर दिया जाएगा. धमकी देने वाले ने अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN का इस्तेमाल किया था, लेकिन पुलिस की प्रारंभिक जांच में वॉइस नोट की आवाज हैरी बॉक्सर से मैच करने की पुष्टि हुई है.

रिपोर्ट्स बताती हैं कि हैरी बॉक्सर फिलहाल अमेरिका में छिपा हुआ है, जहां से गैंग का नेटवर्क चल रहा है. यह धमकी रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना के ठीक बाद आई, जिससे बॉलीवुड में खौफ का माहौल है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने अमेरिकी अधिकारियों से संपर्क किया है ताकि उस नंबर की डिटेल्स मिल सकें. अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं हुई है, लेकिन जांच तेज है. 


रणवीर सिंह की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है और उनके घर के बाहर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. रणवीर सिंह फिलहाल 'धुरंधर' जैसी बड़ी फिल्मों में व्यस्त हैं, लेकिन यह घटना उनके लिए बड़ा झटका है. बॉलीवुड में पहले भी कई सितारों को ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं और अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम फिर से सुर्खियों में है. फैंस और इंडस्ट्री वाले रणवीर की सेफ्टी के लिए चिंतित हैं. 

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में और खुलासे होंगे. यह घटना बॉलीवुड और अपराध की दुनिया के बीच बढ़ते कनेक्शन की ओर इशारा करती है, जहां सितारों को टारगेट किया जा रहा है. रणवीर सिंह ने अभी तक इस पर कोई पब्लिक कमेंट नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही वे कुछ कहेंगे.