रणवीर सिंह का ऐसा अवतार पहले कभी नहीं देखा होगा, इंटरनेट पर छाया 'प्रलय' का लुक

रणवीर सिंह की अपकमिंग ज़ॉम्बी थ्रिलर फिल्म 'प्रलय' से उनका लुक सोशल मीडिया पर लीक हो गया है. लंबे बाल, दाढ़ी और रफ-टफ अंदाज में रणवीर का नया अवतार देखकर फैंस इसे 'जबरदस्त' और संभावित ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं.

X
Babli Rautela

रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म 'प्रलय' को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है. अब फिल्म के सेट से एक्टर की कुछ तस्वीरें और एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें उनका नया लुक देखने को मिल रहा है. तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद रणवीर सिंह का यह अवतार इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रणवीर सिंह कुछ अन्य कलाकारों के साथ चलते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान उन्होंने अपनी पीठ पर एक बच्चे को भी उठा रखा है. वहीं, सामने आई तस्वीरों में एक्टर लंबे बाल और दाढ़ी वाले लुक में नजर आ रहे हैं. रणवीर का यह रफ और इंटेंस अवतार उनके हालिया किरदारों की याद दिला रहा है. हालांकि, 'प्रलय' में उनका किरदार और कहानी से जुड़ी पूरी जानकारी फिलहाल मेकर्स ने सार्वजनिक नहीं की है.

लीक लुक देखकर फैंस हुए एक्साइटेड

'प्रलय' के सेट से सामने आई तस्वीरों पर फैंस की अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रही हैं. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने रणवीर के लुक और फिल्म के ज़ॉम्बी-थ्रिलर जॉनर की तारीफ की है. एक यूजर ने रणवीर की एनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि अगर फिल्म को सही तरीके से बनाया गया, तो यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर डाल सकती है. वहीं, एक अन्य यूजर ने रणवीर के लुक को 'जबरदस्त' बताते हुए फिल्म को बड़े स्तर की ज़ॉम्बी-एक्शन फिल्म बताया.


कुछ फैंस ने यह भी उम्मीद जताई कि फिल्म को गंभीर और इंटेंस सर्वनाश वाली कहानी के तौर पर पेश किया जाए. एक सोशल मीडिया यूजर ने मेकर्स से फिल्म को कॉमेडी की तरफ ले जाने के बजाय एक सीरियस जॉम्बी थ्रिलर बनाए रखने की अपील की.

जय मेहता कर रहे हैं फिल्म का निर्देशन

'प्रलय' का निर्देशन फिल्ममेकर हंसल मेहता के बेटे जय मेहता कर रहे हैं. फिल्म फिलहाल प्रोडक्शन स्टेज में है. इसे जॉम्बी थ्रिलर के तौर पर बताया जा रहा है, जिसकी कहानी दुनिया के खत्म होने के बाद की परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमती है. रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस कल्याणी प्रियदर्शन भी नजर आएंगी. 'प्रलय' के जरिए कल्याणी बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करती दिखाई देंगी.

कब रिलीज होगी 'प्रलय'?

फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट का ऐलान अभी नहीं किया गया है. हालांकि, उम्मीद की जा रही है कि रणवीर सिंह की यह फिल्म अगले साल बड़े पर्दे पर दस्तक दे सकती है. फिलहाल फैंस को फिल्म के आधिकारिक पोस्टर, टीजर और रिलीज डेट का इंतजार है. रणवीर सिंह के लीक हुए लुक ने फिल्म को लेकर उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है. अब देखना होगा कि 'प्रलय' का फाइनल लुक और फिल्म का पहला आधिकारिक टीजर सामने आने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है.