पाकिस्तान नहीं तो किस देश में है 'धुरंधर 2' के हमजा का ल्यारी वाला बंगला? कांच से बनी हैं खास दीवारें
बॉलीवुड की मोस्टअवेटेड फिल्म धुरंधर 2 में दिखाया गया आलीशान ल्यारी बंगला असल में अमृतसर में है. वायरल वीडियो में इसके लग्जरी इंटीरियर और डिजाइन की झलक सामने आई है.
मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस के साथ साथ सोशल मीडिया पर भी छाई हुई है. अब इस फिल्म से जुड़ा एक बड़ा खुलासा सामने आया है जिसने फैंस को हैरान कर दिया है. फिल्म में दिखाया गया आलीशान ल्यारी बंगला असल में पाकिस्तान में नहीं बल्कि भारत में मौजूद है.
जिस बंगले को फिल्म में पाकिस्तान का दिखाया गया है, वह दरअसल पंजाब के अमृतसर शहर में स्थित है. इस घर को 23DC आर्किटेक्ट्स नाम की एक आर्किटेक्चर फर्म ने डिजाइन किया है. इस प्रॉपर्टी का नाम आनंदा बताया जा रहा है. यह खुलासा सामने आने के बाद फैंस के बीच इसे लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.
डिजाइन में दिखती है सादगी और लग्जरी का मेल
यह घर सिर्फ एक फिल्म सेट नहीं बल्कि एक असली और खूबसूरती से डिजाइन किया गया निवास है. इसके बाहरी हिस्से में ग्रे रंग की साफ सतहों के साथ लकड़ी की गर्माहट दिखाई देती है. यह डिजाइन इसे आधुनिक और प्राकृतिक दोनों बनाता है. घर में प्रवेश करते ही खुले आंगन और हरियाली का सुंदर नजारा देखने को मिलता है.
घर का इंटीरियर सादगी भरे ऐशो आराम को दर्शाता है. ऊंची छतें, हल्के रंग और खुली जगहें इसे और भी खास बनाती हैं. हर कोना इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां रहने वाला व्यक्ति आराम और शांति महसूस करे. बेडरूम को कम सजावट के साथ ज्यादा आरामदायक बनाया गया है.
सीढ़ी और झूमर बना खास आकर्षण
इस बंगले की सबसे खास चीज इसकी घुमावदार सीढ़ी है जो काले संगमरमर से बनी है. यह सीढ़ी पूरे घर का मुख्य आकर्षण बनती है और सफेद फर्श के साथ शानदार कंट्रास्ट देती है. घर के प्रवेश द्वार पर लगा बड़ा झूमर भी इसकी खूबसूरती को और बढ़ा देता है. इस घर में बड़ी बड़ी खिड़कियां और कांच की दीवारें हैं जो पूरे घर को प्राकृतिक रोशनी से भर देती हैं. घर के बाहर हरा भरा बगीचा, स्विमिंग पूल और बैठने की आरामदायक जगहें मौजूद हैं. यह सब मिलकर इस बंगले को एक परफेक्ट लग्जरी होम बनाते हैं.