सेना में जाने वाला लड़का कैसे बन गया देश का पहला रोडी, मजेदार है लंदन से दुल्हन लाने वाले इस एक्टर की कहानी

रणविजय सिंह का सपना बचपन से सेना में जाने का था. उन्होंने आर्मी के लिए परीक्षा और मेडिकल तक पास कर लिया था. लेकिन एक रिएलिटी शो के ऑडिशन ने उनकी जिंदगी बदल दी और वह देश के पहले रोडी बन गए.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई :पंजाब की धरती को बहादुरों की धरती कहा जाता है. यहां से देश की रक्षा करने वाले कई वीर जवान निकलते हैं. इसी मिट्टी में जन्मे रणविजय सिंह का सपना भी बचपन से सेना में जाने का था. रणविजय सिंह का जन्म 16 मार्च 1983 को हुआ था. उनके पिता भारतीय सेना में अधिकारी रहे हैं. इसी वजह से बचपन से ही रणविजय के मन में देश की सेवा करने की भावना थी.

उन्होंने अपने इस सपने को पूरा करने के लिए पूरी तैयारी भी की थी. रणविजय ने सेना में भर्ती होने के लिए लिखित परीक्षा और मेडिकल परीक्षा तक पास कर ली थी. सब कुछ तय था और वह जल्द ही सेना जॉइन करने वाले थे.

एक ऑडिशन ने बदल दी जिंदगी

किस्मत कब और कैसे बदल जाए यह कोई नहीं जानता. रणविजय सिंह के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. जिस समय वह सेना में जाने की तैयारी कर रहे थे उसी दौरान एक नए रिएलिटी शो का ऑडिशन चल रहा था. दोस्तों के साथ मजाक और मौज मस्ती में उन्होंने भी उस शो के लिए ऑडिशन दे दिया. यह शो था रोडीज. उस समय यह शो नया था और किसी को नहीं पता था कि यह आगे चलकर इतना पॉपुलर हो जाएगा. रणविजय ने इस शो में हिस्सा लिया और अपने दमदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित कर दिया. आखिरकार वह शो के पहले सीजन के विजेता बने और देश के पहले रोडी कहलाए.

यूथ के बीच बन गए आइकन

रोडीज जीतने के बाद रणविजय सिंह युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो गए. उनकी अलग स्टाइल और आत्मविश्वास ने उन्हें युवाओं का पसंदीदा चेहरा बना दिया. कुछ समय बाद उन्हें इसी शो के अगले सीजन में होस्ट बनने का मौका मिला. रणविजय ने कई सालों तक इस शो को होस्ट किया और वह इस शो का सबसे पहचान वाला चेहरा बन गए. उनकी पर्सनालिटी और बात करने का अंदाज युवाओं को काफी पसंद आया. यही वजह है कि रणविजय को यूथ आइकन के रूप में देखा जाने लगा.

प्यार की तलाश लंदन में पूरी हुई

रणविजय सिंह की पर्सनल लाइफ भी काफी चर्चा में रही है. एक समय उनका नाम मशहूर वीजे अनुषा के साथ जोड़ा गया था. दोनों कुछ समय तक रिश्ते में रहे लेकिन साल 2009 में उनका ब्रेकअप हो गया. इसके बाद रणविजय की जिंदगी में प्रियंका वोहरा की एंट्री हुई. प्रियंका लंदन में रहती थीं और वहीं दोनों की मुलाकात हुई. दोनों की दोस्ती धीरे धीरे प्यार में बदल गई और साल 2014 में रणविजय और प्रियंका ने शादी कर ली.