'लगी है हजारों घंटे की मेहनत...', 'रामायण' में दिखे VFX की आलोचना करने वालों को रणबीर कपूर ने क्या कहा?

रणबीर कपूर ने बताया कि आजकल लोग अचानक ऑनलाइन CGI क्रिटिक बन जाते हैं. उन्हें लगता है कि काम अधूरा है या अच्छा नहीं बना. एआई आने के बाद लोग और ज्यादा जागरूक हो गए हैं. कई सोचते हैं कि एआई की मदद से कुछ बनाकर रिलीज कर दिया गया.

X
Antima Pal

Ranbir Kapoor Reply Trollers: बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर ने अपनी आने वाली फिल्म 'रामायण' के टीजर और ट्रेलर में दिखे विजुअल इफेक्ट्स को लेकर आलोचना करने वालों को सीधा जवाब दे दिया है. कई लोग ऑनलाइन पर CGI यानी कंप्यूटर से बने सीन की खामियां निकाल रहे थे. रणबीर ने साफ कहा कि ऐसे काम में हजारों घंटे की मेहनत लगती है.

'बहुत समय और मेहनत लगती है...'

एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए रणबीर कपूर ने बताया कि आजकल लोग अचानक ऑनलाइन CGI क्रिटिक बन जाते हैं. उन्हें लगता है कि काम अधूरा है या अच्छा नहीं बना. एआई आने के बाद लोग और ज्यादा जागरूक हो गए हैं. कई सोचते हैं कि एआई की मदद से कुछ बनाकर रिलीज कर दिया गया. लेकिन असलियत यह है कि कंप्यूटर जनरेटेड इमेजरी कैसे तैयार होती है, इसका अंदाजा ज्यादातर लोगों को नहीं होता. इसमें बहुत समय और मेहनत लगती है.



रणबीर ने फिल्म के निर्माताओं की लगन का जिक्र करते हुए कहा कि डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा VFX को लेकर घंटों चर्चा करते थे. सीन के हिसाब से आसमान का सही रंग चुनने से लेकर छोटी-छोटी डिटेल्स पर ध्यान दिया गया. हर चीज को बेहतर बनाने के लिए टीम ने काफी मेहनत की.

'रामायण' दो भागों में बन रही है. पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा और दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर आएगा. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्री राम का किरदार निभा रहे हैं. साई पल्लवी माता सीता के रूप में नजर आएंगी. हनुमान जी का किरदार सनी देओल कर रहे हैं जबकि रावण की भूमिका कन्नड़ स्टार यश निभा रहे हैं.

यह महाकाव्य कहानी आधुनिक तकनीक के साथ बड़े पर्दे पर आएगी. रणबीर का यह बयान उन लोगों के लिए है जो बिना पूरी जानकारी के जल्दी फैसला ले लेते हैं. फिल्म की टीम का कहना है कि दर्शक जब पूरी फिल्म देखेंगे तो समझेंगे कि कितना प्रयास किया गया है.