मुंबई: नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' को लेकर उत्साह चरम पर है. फिल्म का 'रामा' टीजर हाल ही में अमेरिका के बर्बैंक में एक भव्य इवेंट के दौरान स्क्रीन पर दिखाया गया. वहां मौजूद एक नेटिजन ने इस टीजर को देखकर इंस्टाग्राम पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की और इसे 'ब्रेथटेकिंग' यानी लुभावना करार दिया.
एक नेटिजन ने लिखा- 'मुझे बर्बैंक में रामायण के ट्रेलर का प्रीव्यू देखने का सौभाग्य मिला, जो 2 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाला है. मैं अभी भी उसकी अनुभूति में हूं. नमित मल्होत्रा जो कुछ रच रहे हैं और नितेश तिवारी जो इस महाकाव्य को जिंदा कर रहे हैं, वो कुछ भी कम नहीं, पूरी तरह लुभावना है. स्केल, विजन और एनर्जी... सब कुछ बेहद पावरफुल लगा.'
— The Ramayana 🏹 (@RamayanaSaga) March 30, 2026
उन्होंने एक खास सीन का जिक्र करते हुए बताया कि एक पल ऐसा आया जब राम नाव में बैठे हैं, कोई उनका नाम पुकारता है और वे धीरे-धीरे मुड़ते हैं. 'जो शायद ही कभी भावुक होते हैं, उस पल ने मुझे गहरे तक छू लिया. ये पल घर जैसा लगा. आवाज, फ्रीक्वेंसी और उस एक शब्द में छिपी भावना... कुछ ऐसा कि समझा नहीं जा सकता. आंखों से आंसू बह निकले—चाहे खुशी के हों या अपनापन महसूस करने के, बस वो पल दिल को छू गया.'
नेटिजन ने आगे लिखा कि वे फिल्म के पार्ट 1 को इस दीवाली रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं. इवेंट में टीम के साथ हुई Q&A सेशन का भी जिक्र किया गया. इसमें रणबीर कपूर ने एक सवाल के जवाब में 'जय श्री राम' कहा, जिसने वहां मौजूद सबको रोमांचित कर दिया.
टीजर मुख्य रूप से रणबीर के राम किरदार का परिचय देने वाला है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें अन्य मुख्य किरदारों के भी छोटे-छोटे ग्लिम्प्स दिखाए जा सकते हैं. 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर यह 'रामा' टीजर आधिकारिक रूप से रिलीज होगा, जिसकी लंबाई करीब 2 मिनट 38 सेकंड बताई जा रही है. CBFC से भी इसे मंजूरी मिल चुकी है. अब सबकी नजर 2 अप्रैल के उस पल पर टिकी है जब राम का पहला आधिकारिक ग्लिम्प्स सामने आएगा.
Really looking forward to this one. #Ramayana pic.twitter.com/iqXeeTZZgc
— Chris Gore (@ThatChrisGore) March 30, 2026
'रामायण' नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित दो पार्ट वाली एपिक फिल्म है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं. साई पल्लवी सीता बनेंगी, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे. सनी देओल हनुमान और यश रावण के रोल में हैं. फिल्म का पहला पार्ट इस साल दीवाली (8 नवंबर 2026) को दुनिया भर में रिलीज होने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट अगली दीवाली पर आएगा.