मुंबई: बॉलीवुड की सबसे मोस्टअवेटेड फिल्मों में से एक रामायण का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं, और उनकी पहली झलक ने ही दर्शकों का दिल जीत लिया है. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने टीज़र शेयर करते हुए भगवान राम के आदर्शों और त्याग की भावना को शब्दों में बयां किया.
टीजर में रणबीर कपूर को अयोध्या के राजकुमार राम के रूप में बेहद प्रभावशाली अंदाज में दिखाया गया है. उनका शांत स्वभाव, दृढ़ नजर और सादगी भरा व्यक्तित्व इस किरदार को जीवंत बनाता है. टीजर में राम के जीवन के अहम पड़ाव भी दिखाए गए हैं, जिसमें लक्ष्मण और सीता के साथ वनवास जाने की झलक शामिल है.
इस टीजर की सबसे खास बात इसका बैकग्राउंड म्यूजिक है, जिसे हंस ज़िमर और ए आर रहमान ने तैयार किया है. म्यूजिक इतना शानदार है कि इसे सुनते ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं. यह फिल्म के भव्य विजुअल्स को और भी प्रभावशाली बनाता है. हालांकि टीजर मुख्य रूप से रणबीर कपूर पर केंद्रित है, लेकिन इसमें रवि दुबे और साई पल्लवी की भी हल्की झलक देखने को मिलती है. टीजर के अंत में यश की दमदार एंट्री दिखाई गई है, जिससे यह साफ हो जाता है कि फिल्म में रावण का किरदार भी बेहद खास होने वाला है.
टीजर में दिखाए गए सीन बेहद भव्य और बड़े स्तर पर बनाए गए हैं. अयोध्या का माहौल, वनवास के दृश्य और पुष्पक विमान की झलक यह दिखाती है कि फिल्म को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है. यह साफ नजर आता है कि मेकर्स इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बनाने की तैयारी में हैं.
टीजर देखने के बाद यह अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि रामायण को बड़े पर्दे पर देखना एक अलग ही अनुभव होगा. खासकर IMAX में यह फिल्म और भी शानदार नजर आएगी, जहां इसके विजुअल्स और म्यूजिक का असर कई गुना बढ़ जाएगा. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी. रामायण का पहला पार्ट दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा.