Commonwealth Games 2026

Ramayana Trailer Postponed: रिलीज से कुछ घंटे पहले क्यों टला रणबीर कपूर की 'रामायण' का ट्रेलर? प्रोड्यूसर ने बताई बड़ी वजह

रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की मोस्टअवेटेड फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर रिलीज से कुछ घंटे पहले टाल दिया गया. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म अब ग्लोबल स्तर पर बड़े लॉन्च की तैयारी के साथ पेश की जाएगी.

Social Media
Babli Rautela

बॉलीवुड की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'रामायण: पार्ट 1' का इंतजार कर रहे फैंस को बड़ा झटका लगा है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन रिलीज से कुछ घंटे पहले ही इसे स्थगित कर दिया गया. फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर ट्रेलर की रिलीज टलने की जानकारी दी. हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म को अब पहले से बड़े और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है.

रिलीज से कुछ घंटे पहले हुआ बड़ा ऐलान

फिल्म के ट्रेलर का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. सोशल मीडिया पर ट्रेलर रिलीज को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था. लेकिन रिलीज से ठीक पहले नमित मल्होत्रा ने घोषणा कर दी कि ट्रेलर अब तय कार्यक्रम के अनुसार जारी नहीं किया जाएगा. हालांकि उन्होंने नई रिलीज़ तारीख का ऐलान नहीं किया. ऐसे में अब फैंस मेकर्स की अगली घोषणा का इंतजार कर रहे हैं.


सोनी पिक्चर्स करेगी ग्लोबल रिलीज

अपने आधिकारिक बयान में नमित मल्होत्रा ने बताया कि Sony Pictures Entertainment इस महत्वाकांक्षी फिल्म के अंतरराष्ट्रीय वितरक के रूप में जुड़ गया है. उन्होंने कहा कि यह भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का क्षण होगा क्योंकि 'रामायण' को दुनिया भर में उसी स्तर पर रिलीज किया जाएगा, जिस तरह किसी बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट को पेश किया जाता है.

नमित मल्होत्रा ने अपने बयान में कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और हमारी पौराणिक विरासत को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है. उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट दुनिया भर के लोगों के लिए भारतीय कहानियों की समृद्धि और सांस्कृतिक विरासत को नए गर्व और उत्साह के साथ जानने का रास्ता खोलेगा.

स्टारकास्ट को लेकर बना हुआ है जबरदस्त उत्साह

'रामायण: पार्ट 1' अपनी स्टारकास्ट की वजह से पहले ही काफी चर्चा में है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. वहीं यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में से एक माना जा रहा है. फिलहाल मेकर्स ने ट्रेलर की नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है. उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही नई तारीख का ऐलान किया जाएगा और ट्रेलर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक साथ रिलीज किया जाएगा.