Ramayana Part 1 Release Date: रामायण का ग्लोबल धमाका! इस दिन दुनियाभर में रिलीज होगी रणबीर-यश की फिल्म
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म रामायण पार्ट 1 अब 6 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. मेकर्स ने इंग्लिश-डब ट्रेलर भी जारी कर दिया है, जिसमें रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की दमदार झलक देखने को मिल रही है.
मुंबई: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण पार्ट 1' साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है. हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया था. अब मेकर्स ने फिल्म को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में इंग्लिश-डब ट्रेलर जारी किया गया है और साथ ही फिल्म की आधिकारिक रिलीज़ डेट का भी ऐलान कर दिया गया है.
फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर Sony Pictures ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 'रामायण पार्ट 1' का इंग्लिश ट्रेलर शेयर करते हुए घोषणा की कि फिल्म 6 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. पोस्ट के साथ लिखा गया, "एक ऐसी शानदार यात्रा जैसी पहले कभी नहीं देखी गई. Ramayana का ऑफिशियल ट्रेलर देखें. 6 नवंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में."
स्टारकास्ट में दिखेंगे कई बड़े सितारे
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल भगवान हनुमान, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और लारा दत्ता कैकेयी की भूमिका निभा रही हैं. वहीं अरुण गोविल राजा दशरथ, सीबा चड्ढा मंथरा, शोभना कैकेसी, विवेक ओबेरॉय विद्युज्जिह्व, सौरभ सचदेवा मारीच, चेतन हंसराज सुमाली और फैसल मलिक कुंभकर्ण के किरदार में दिखाई देंगे.
Also Read
ट्रेलर में क्या है खास?
करीब 4 मिनट 9 सेकंड लंबे ट्रेलर में भगवान राम के वनवास, सीता के साथ उनका सफर, लक्ष्मण की भूमिका, रावण के बढ़ते प्रभाव और अयोध्या छोड़ते समय राजा दशरथ के भावुक दृश्य को दिखाया गया है. ट्रेलर में शानदार VFX, भव्य सेट्स और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए युद्ध के दृश्य दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं. खास तौर पर यश के रावण अवतार और रणबीर कपूर के भगवान राम के रूप को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है.
'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 4:15 बजे रिलीज किया गया था. इसे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम और अब इंग्लिश भाषा में भी जारी किया गया है, ताकि फिल्म वैश्विक दर्शकों तक पहुंच सके. फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था, जिसमें फिल्म की स्टारकास्ट और मीडिया के चुनिंदा सदस्य मौजूद रहे.