Ramayana Box Office Collection: पहले दिन रणबीर कपूर की फिल्म ने की छप्परफाड़ कमाई, 40 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन!

Ramayana Part 1 Box Office Collection Day 1: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है.

X
Shilpa Srivastava

Ramayana Part 1 Box Office Collection Day 1: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण पार्ट 1' ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की है. 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली. फिल्म को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्साह था. इसकी ओपनिंग कमाई ने फिल्म कारोबार से जुड़े लोगों का ध्यान खींचा है.

शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले दिन 17,916 शो के जरिए करीब 40.97 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. ये आंकड़े 5 नवंबर को शाम 5 बजे तक के हैं. ऐसे में शाम और रात के शो की कमाई जुड़ने के बाद पहले दिन का कुल कलेक्शन और बढ़ सकता है.

हिंदी 3D शो में कैसी रही दर्शकों की भीड़?

फिल्म के हिंदी 3D शो को पहले दिन औसतन 24.54 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली. सुबह के शो में दर्शकों की मौजूदगी 22.77 प्रतिशत रही, जबकि दोपहर के शो में यह बढ़कर 26.31 प्रतिशत हो गई. शाम और रात के शो के आंकड़े आने के बाद तस्वीर और साफ होगी. शहरों की बात करें तो दिल्ली-एनसीआर में हिंदी 3D के सबसे ज्यादा 1,146 शो दिखाए गए. वहीं, ऑक्यूपेंसी के मामले में कोलकाता सबसे आगे रहा, जहां हिंदी 3D शो में करीब 33 प्रतिशत सीटें भरी रहीं.


किस भाषा में कितनी कमाई हुई?

'रामायण पार्ट 1' को हिंदी के अलावा कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया गया है. शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, हिंदी भाषा में फिल्म को सबसे ज्यादा कमाई हुई. भाषा के हिसाब से पहले दिन का कलेक्शन इस प्रकार रहा-

  • हिंदी: 29.28 करोड़ रुपये

  • कन्नड़: 5.19 करोड़ रुपये

  • तेलुगु: 4 करोड़ रुपये

  • तमिल: 1.64 करोड़ रुपये

  • मलयालम: 86 लाख रुपये

फिल्म में नजर आ रहे हैं ये बड़े सितारे:

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं. इसके अलावा फिल्म में रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, अरुण गोविल और काजल अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.

फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है. इसके संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हंस जिमर ने संभाली है. फिलहाल शुरुआती आंकड़े फिल्म को मजबूत ओपनिंग मिलने का संकेत दे रहे हैं. हालांकि, पहले दिन की अंतिम कमाई और आगे का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन जानने के लिए अपडेटेड आंकड़ों का इंतजार करना होगा.