अमेरिका में गूंजा राम का नाम, 'रामायण' की एडवांस बुकिंग ने मचाया तहलका, टूट गया बड़ा रिकॉर्ड

‘रामायण’ ने अमेरिका में एडवांस बुकिंग शुरू होते ही शानदार प्रदर्शन किया है. 24 घंटे पूरे होने से पहले ही फिल्म के 7,663 टिकट बिक गए और करीब 1.64 लाख डॉलर की कमाई हुई.

Pinterest
Km Jaya

बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही दुनियाभर में अपनी धाक जमा रही है. रणबीर कपूर और यश स्टारर इस फिल्म के ट्रेलर ने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है. इसका असर अब अमेरिका की एडवांस बुकिंग में भी साफ नजर आ रहा है. फिल्म ने प्री-सेल बुकिंग शुरू होते ही ऐसा आंकड़ा छुआ है, जिसने बॉलीवुड की फिल्मों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.

फिल्म का नया ग्लोबल ट्रेलर बीते दिन रिलीज किया गया था. शानदार VFX, दमदार कहानी और प्रभावशाली बैकग्राउंड म्यूजिक ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी. ट्रेलर के बाद अमेरिका में फिल्म की प्री-सेल एडवांस बुकिंग शुरू हुई और शुरुआती आंकड़ों ने सभी को चौंका दिया.

बॉक्स ऑफिस का रिपोर्ट

बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट के मुताबिक, 16 अक्टूबर की सुबह 10:20 बजे तक अमेरिका में 'रामायण' के 7,663 टिकट बिक चुके थे. खास बात यह है कि यह आंकड़ा एडवांस बुकिंग शुरू होने के 24 घंटे पूरे होने से पहले का है. इसी के साथ फिल्म ने अमेरिका में टिकट बिक्री के मामले में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के 768 टिकटों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है.


कमाई भी पहुंची करोड़ों में

टिकट बिक्री के साथ फिल्म ने अमेरिका में कमाई के मामले में भी मजबूत शुरुआत की है. रिपोर्ट के अनुसार, अब तक फिल्म ने अमेरिका में करीब 1.64 लाख डॉलर यानी लगभग 1.56 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. फिलहाल अमेरिका में फिल्म के करीब 1,472 शो के लिए टिकट बुक किए जा सकते हैं. आने वाले दिनों में शो की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.

हालांकि, यहां यह भी ध्यान रखना होगा कि ‘रामायण’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के शोज की संख्या में काफी अंतर है. ‘रामायण’ को अमेरिका में बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है. फिल्म को सोनी पिक्चर्स डिस्ट्रीब्यूट कर रही है, जिसके चलते इसके इंटरनेशनल रिलीज को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी की गई है.

क्या ‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड भी टूटेगा?

शुरुआती आंकड़ों को देखकर अब सवाल उठ रहा है कि क्या ‘रामायण’ आगे चलकर ‘धुरंधर 2’ के बड़े रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ पाएगी. फिल्म की रिलीज में अभी करीब 19 दिन बाकी हैं और अमेरिका के अलावा कनाडा जैसे बाजारों में भी एडवांस बुकिंग शुरू होना बाकी है. ऐसे में आने वाले दिनों में टिकट बिक्री के आंकड़े और तेजी से बढ़ सकते हैं.

भारत में कब शुरू होगी एडवांस बुकिंग

भारत में भी फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, देश में दशहरे के दिन यानी 20 अक्टूबर से एडवांस बुकिंग शुरू होने वाली है. इसके बाद साफ होगा कि भारतीय दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर किस तरह का क्रेज देखने को मिलता है.

‘रामायण’ का पहला पार्ट 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होने वाला है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. रिलीज से पहले ही अमेरिका में मिली यह प्रतिक्रिया फिल्म के ग्लोबल बॉक्स ऑफिस सफर के लिए काफी मजबूत संकेत मानी जा रही है.