धुरंधर 2 देखते ही असली 'धुरंधर' से मिलने पहुंचे राम गोपाल वर्मा, फिल्म को किन लोगों के लिए बताया खतरा?

धुरंधर 2 की सफलता के बीच राम गोपाल वर्मा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने आदित्य धर को असली हमजा बताते हुए कहा कि उनकी फिल्में इंडस्ट्री के लिए नया मानक तय कर रही हैं.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 लगातार सफलता के नए रिकॉर्ड बना रही है. इसी बीच मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने फिल्म और इसके डायरेक्टर की जमकर तारीफ की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म की सफलता को भारतीय सिनेमा के लिए बड़ा बदलाव बताया.

राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर की तुलना फिल्म के किरदार हमजा से की. उन्होंने कहा कि जहां पर्दे पर रणवीर सिंह का किरदार दुश्मनों को खत्म करता है, वहीं असल जिंदगी में आदित्य धर अपनी फिल्मों के जरिए इंडस्ट्री में अलग ही स्तर बना रहे हैं. उनका कहना था कि आदित्य का काम इतना दमदार है कि वह बाकी फिल्म निर्माताओं के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.

पावर कपल की तस्वीर हुई वायरल

राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर और उनकी पत्नी यामी गौतम के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की.  इस तस्वीर के साथ उन्होंने इस जोड़ी को पावर कपल बताया और उनकी सफलता की सराहना की. सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई है.

राम गोपाल वर्मा ने रणवीर सिंह की एक्टिंग की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि रणवीर ने एक ऐसा किरदार निभाया है जो बिल्कुल इंसानी है, जिसमें दर्द है, कमजोरी है और असलियत है. यह किरदार उन पुराने सुपरहीरो जैसे किरदारों से अलग है, जिन्हें हमेशा अजेय दिखाया जाता था.