Bigg Boss 20

Rakul Preet Singh Birthday: आर्मी परिवार से निकलीं, दिल्ली यूनिवर्सिटी से किय मैथ्स में ग्रेजुएशन; फिर जानें कैसे बनीं सिल्वर स्क्रीन की स्टार

रकुल प्रीत सिंह का जन्म 10 अक्टूबर 1990 को नई दिल्ली में हुआ था. उनके पिता भारतीय सेना में अधिकारी थे. उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज से मैथ्स ऑनर्स की पढ़ाई की.

Pinterest
Km Jaya

बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह शनिवार को अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं. फिल्मी दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली रकुल प्रीत सिंह का जन्म 10 अक्टूबर 1990 को नई दिल्ली के एक पंजाबी सिख परिवार में हुआ था. उनके पिता राजेंद्र सिंह भारतीय सेना में अधिकारी रहे हैं, जबकि उनकी मां कुलविंदर सिंह गृहिणी हैं. रकुल का एक छोटा भाई अमनप्रीत सिंह भी है.

रकुल की परवरिश अनुशासन वाले सैन्य परिवार में हुई. उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई नई दिल्ली के धौलाकुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल से की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज से बीएससी मैथ्स ऑनर्स की पढ़ाई पूरी की. पढ़ाई के साथ ही रकुल की दिलचस्पी मॉडलिंग और एक्टिंग में भी बढ़ने लगी थी. यही रुचि आगे चलकर उन्हें फिल्मी दुनिया तक ले गई.

कन्नड़ फिल्म से शुरू हुआ एक्टिंग करियर

रकुल प्रीत सिंह ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2009 में कन्नड़ फिल्म 'गिल्ली' से की थी. इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम करना जारी रखा. साल 2013 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'वेंकटद्री एक्सप्रेस' से उन्हें खास पहचान मिली. इसके बाद रकुल ने तेलुगु और तमिल सिनेमा में कई फिल्मों में काम किया और अपनी अलग पहचान बनाई.


रकुल ने साल 2014 में फिल्म 'यारियां' से बॉलीवुड में कदम रखा. इस फिल्म के बाद हिंदी सिनेमा में भी उनकी पहचान मजबूत होने लगी. इसके बाद उन्होंने 'दे दे प्यार दे', 'मरजावां', 'रनवे 34', 'डॉक्टर जी', 'कटपुतली' और 'थैंक गॉड' जैसी फिल्मों में काम किया. अलग-अलग तरह के किरदारों के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई.

35 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

रकुल प्रीत सिंह का फिल्मी करियर एक दशक से ज्यादा लंबा हो चुका है. इस दौरान वह 35 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुकी हैं. उनकी प्रमुख फिल्मों में 'यारियां', 'दे दे प्यार दे', 'दे दे प्यार दे 2', 'मरजावां', 'रनवे 34', 'डॉक्टर जी', 'कटपुतली', 'थैंक गॉड', 'छत्रीवाली', 'मेरे हस्बैंड की बीवी' और 'पति पत्नी और वो दो' जैसी फिल्में शामिल हैं.

रकुल ने हिंदी फिल्मों के अलावा तेलुगु और तमिल फिल्मों में भी काम किया है. उनके अभिनय के लिए उन्हें SIIMA यानी साउथ इंडियन इंटरनेशनल मूवी अवॉर्ड्स समेत कई पुरस्कार और सम्मान मिल चुके हैं. वह तेलंगाना में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की ब्रांड एंबेसडर भी रह चुकी हैं.

जैकी भगनानी को बनाया हमसफर

रकुल प्रीत सिंह की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने फिल्म निर्माता और अभिनेता जैकी भगनानी के साथ शादी की है. दोनों ने साल 2021 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था. इसके बाद 21 फरवरी 2024 को गोवा में दोनों ने शादी कर ली. शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी.

शादी से पहले रकुल मुख्य रूप से हैदराबाद में रहती थीं, लेकिन शादी के बाद वह अपने पति जैकी भगनानी के साथ मुंबई में रहती हैं. रकुल और जैकी अक्सर सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते नजर आते हैं.

फिटनेस की भी हैं शौकीन

रकुल प्रीत सिंह सिर्फ एक्टिंग के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी फिटनेस के लिए भी जानी जाती हैं. उन्हें फिटनेस का काफी शौक है. वह कराटे में ब्लू बेल्ट हासिल कर चुकी हैं और नेशनल लेवल पर गोल्फ भी खेल चुकी हैं. इसके अलावा वह अपने भाई अमन के साथ हैदराबाद और विशाखापत्तनम में F45 Training जिम स्टूडियो की चेन भी चलाती हैं.