'लड़कियों का पीछा करो, नीचा जेंडर...' महिलाओं के बारे में गंदा बोलने वाले इन्फ्लुएंसर की Bigg Boss 20 में होगी एंट्री?
बिग बॉस 20 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नकुल धुल उर्फ मिट्ठू डॉन की वाइल्ड कार्ड एंट्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं. महिलाओं पर दिए गए उनके पुराने विवादित बयान फिर वायरल हो रहे हैं.
Bigg Boss 20 Wild Card Entry: रियलिटी शो बिग बॉस में कंटेस्टेंट की एंट्री अक्सर चर्चा बटोरती है, लेकिन इस बार एक नाम अपनी संभावित एंट्री से पहले ही विवादों में घिर गया है. सोशल मीडिया पर मिट्ठू डॉन के नाम से पहचाने जाने वाले नकुल धुल के पुराने वीडियो फिर सामने आए हैं. इन क्लिप्स में महिलाओं को लेकर की गई उनकी टिप्पणियों ने सोशल मीडिया यूजर्स के बीच नाराजगी पैदा कर दी है.
अब बिग बॉस 20 में उनकी वाइल्ड कार्ड एंट्री की चर्चाओं ने इस विवाद को और हवा दे दी है. इसी बीच उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से पुरानी पोस्ट हटाए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, शो के निर्माताओं ने अभी तक उनकी एंट्री की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर नकुल धुल कौन हैं और उनके पुराने बयानों को लेकर इतना विवाद क्यों हो रहा है?
लड़की को डराने की बात वाला वीडियो फिर चर्चा में
नकुल धुल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो रहा है. इसमें वह रात 11 बजे किसी लड़की के पीछे चलने और तेज कदमों से आगे निकलने की बात करते सुनाई देते हैं. वह इसे डर का अनुभव कराने से जोड़ते हैं. वीडियो में उनके दोस्त की हंसी भी सुनाई देती है. इस क्लिप पर लोगों ने सवाल उठाए हैं कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े डर को मजाक के रूप में पेश करना कितना उचित है. फरवरी 2026 में भी इस वीडियो को लेकर उनकी आलोचना हुई थी.
Also Read
- नाना पाटेकर का रात 11:30 बजे क्यों हुआ अंतिम संस्कार? बेटे मल्हार ने बताई वजह
- अलविदा नाना पाटेकर... पंचतत्व में विलीन हुए दिग्गज एक्टर, 'नानाची वाड़ी' फार्म हाउस में बेटे मल्हार ने दी मुखाग्नि
- Nana Patekar Death: 'तबीयत ठीक नहीं...', अगर नाना पाटेकर से नहीं होती एक चूक तो बच जाती जान! मौत के लास्ट 30 मिनट
कौन हैं मिट्ठू डॉन उर्फ नकुल धुल?
नकुल धुल हरियाणा के फरीदाबाद से ताल्लुक रखते हैं. वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं तथा इंटरनेट पर मिट्ठू डॉन के नाम से जाने जाते हैं. वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर मीम्स, व्यंग्य और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों से जुड़े वीडियो बनाते हैं. उन्होंने वीआईटी वेल्लोर से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है. उनकी पहचान बेबाक अंदाज और तंज भरे कंटेंट से बनी, लेकिन महिलाओं को लेकर की गई कुछ टिप्पणियों ने उन्हें विवादों में भी ला दिया है.
इंस्टाग्राम से पुरानी पोस्ट हटाने की चर्चा
बिग बॉस 20 में संभावित एंट्री की खबरों के बीच नकुल के इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर भी चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि उन्होंने 6 और 7 अक्टूबर की पोस्ट को छोड़कर बाकी पुरानी पोस्ट हटा दी हैं. हालांकि, नकुल ने इस बारे में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है. इसलिए पोस्ट हटाने और बिग बॉस में एंट्री के बीच संबंध होने की पुष्टि नहीं की जा सकती.
सोशल मीडिया पर नाराजगी, अब मेकर्स के ऐलान का इंतजार
नकुल की संभावित वाइल्ड कार्ड एंट्री की खबरों के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने नाराजगी जताई है. कुछ लोगों ने महिलाओं के प्रति उनके पुराने बयानों पर सवाल उठाए हैं, तो कुछ ने शो में उन्हें लाने की चर्चा पर आपत्ति जताई है. फिलहाल, बिग बॉस 20 में उनकी एंट्री को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. यदि वह शो में आते हैं, तो उनके पुराने बयान घर के अंदर और बाहर किस तरह की बहस छेड़ते हैं, यह देखना दिलचस्प होगा.