राजपाल यादव ने सौरभ द्विवेदी ने ले लिया अपनी बेज्जती की बदला! अवॉर्ड शो में पत्रकार ने उड़ाया था मजाक
नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म कर्तव्य में सौरभ द्विवेदी की एक्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है. इसी बीच राजपाल यादव की एक वायरल पोस्ट ने इंटरनेट पर नई चर्चा छेड़ दी है. लोगों का कहना है कि राजपाल यादव ने इशारों इशारों में सौरभ पर तंज कसा है.
मुंबई: नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुई फिल्म कर्तव्य इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. फिल्म में वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने एक्टिंग डेब्यू किया है. रिलीज के बाद उनकी परफॉर्मेंस को लेकर इंटरनेट पर जमकर बहस छिड़ गई. अब इस विवाद के बीच एक्टर राजपाल यादव की एक नई पोस्ट ने सोशल मीडिया पर और हलचल बढ़ा दी है. लोग मान रहे हैं कि उन्होंने इशारों इशारों में सौरभ द्विवेदी पर तंज कसा है.
एक्टिंग को लेकर हुए ट्रोल
सौरभ द्विवेदी ने फिल्म में मुख्य विलेन का किरदार निभाया है. हालांकि कई दर्शकों को उनकी एक्टिंग और डायलॉग डिलीवरी खास पसंद नहीं आई. सोशल मीडिया पर मीम्स और अलग अलग रिएक्शन की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि उनकी एक्टिंग किसी न्यूज डिबेट जैसी लग रही थी. वहीं कई लोगों ने कहा कि स्क्रीन पर उनकी मौजूदगी प्रभावशाली नहीं थी.
राजपाल यादव की पोस्ट से शुरू हुई नई चर्चा
इसी बीच राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में वह एक शाही अंदाज वाली कुर्सी पर बैठे नजर आए. तेज नजर वाले सोशल मीडिया यूजर्स ने तुरंत नोटिस किया कि यह कुर्सी फिल्म कर्तव्य में सौरभ द्विवेदी के किरदार की कुर्सी जैसी दिख रही है. बस फिर क्या था. इंटरनेट पर लोगों ने कयास लगाने शुरू कर दिए कि राजपाल यादव ने यह पोस्ट जानबूझकर शेयर की है और वह सौरभ पर मजेदार अंदाज में तंज कस रहे हैं.
यूजर्स ने दिए मजेदार रिएक्शन
पोस्ट वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में लोगों के अलग अलग रिएक्शन आने लगीं. एक यूजर ने लिखा कि आखिर में जीत किसकी हुई यह समझना मुश्किल नहीं है. दूसरे ने कहा कि यह तो वही कुर्सी लग रही है. वहीं एक तीसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि राजपाल यादव ने चुपचाप बदला ले लिया. हालांकि एक्टर की तरफ से इस पोस्ट को लेकर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है.
दरअसल कुछ समय पहले एक अवॉर्ड शो के दौरान सौरभ द्विवेदी और कॉमेडियन जाकिर खान के साथ मंच पर मौजूद राजपाल यादव चर्चा में आए थे. शो के दौरान राजपाल यादव दुनिया की आर्थिक स्थिति और शेयर बाजार को लेकर बात कर रहे थे. तभी सौरभ द्विवेदी ने मजाकिया अंदाज में उनकी आर्थिक परेशानियों को लेकर टिप्पणी कर दी थी. उन्होंने कहा था कि डॉलर और रुपये में चाहे कितना भी उतार चढ़ाव हो जाए लेकिन आपको उतने ही पैसे लौटाने होंगे जितने आपने उधार लिए हैं.