राजपाल यादव तिहाड़ जेल से आएंगे बाहर, दिल्ली हाईकोर्ट ने चेक बाउंस केस में दी बड़ी राहत
राजपाल यादव को बड़ी राहत मिली है. दिल्ली हाई कोर्ट ने आज यानी सोमवार को चेक बाउंस के मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है. इस फैसले के बाद राजपाल यादव जल्द ही तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे.
मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव को बड़ी राहत मिली है. दिल्ली हाई कोर्ट ने आज यानी सोमवार को चेक बाउंस के मामले में उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है. इस फैसले के बाद राजपाल यादव जल्द ही तिहाड़ जेल से बाहर आ जाएंगे. यह मामला करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है. साल 2018 में चेक बाउंस का केस दर्ज हुआ था.
राजपाल यादव तिहाड़ जेल से आएंगे बाहर
राजपाल यादव ने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए लिया गया लोन नहीं चुका पाए थे. शुरुआती रकम 5 करोड़ थी, लेकिन ब्याज और पेनल्टी बढ़ने से कुल राशि 9 करोड़ हो गई. कोर्ट में कई बार सेटलमेंट का वादा किया, लेकिन पेमेंट नहीं हो पाया. इस वजह से 5 फरवरी को उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. वे वहां 11 दिन से ज्यादा समय बिता चुके थे. पिछले हफ्ते दिल्ली कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
जस्टिस स्वराना कांता शर्मा ने सख्त टिप्पणी की थी कि राजपाल जेल में कोर्ट के आदेश से नहीं, बल्कि बार-बार वादा तोड़ने की वजह से हैं. लेकिन सोमवार को सुनवाई के दौरान उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि वे 1.5 करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने को तैयार हैं. कोर्ट ने दोपहर 3 बजे तक का समय दिया. राशि जमा होने पर अंतरिम जमानत मिल गई. यह जमानत 18 मार्च तक के लिए है. साथ ही कुछ शर्तें भी लगाई गई हैं, जैसे पासपोर्ट सरेंडर करना. अब तक कुल 2.5 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं.
सोनू सूद समेत कई सेलेब्स ने बढ़ाया मदद का हाथ
इस खबर से बॉलीवुड में खुशी की लहर दौड़ गई. कई सेलेब्स जैसे सोनू सूद ने उनका साथ दिया और सोशल मीडिया पर समर्थन जताया. उन्होंने लिखा कि इंडस्ट्री एक परिवार की तरह है और ऐसे समय में साथ खड़े होना चाहिए. राजपाल यादव की पत्नी और परिवार भी राहत की सांस ले रहे हैं. राजपाल यादव अपनी कॉमेडी से दर्शकों का दिल जीत चुके हैं. फिल्मों जैसे 'चुप चुप के', 'भूल भुलैया', 'हंगामा', 'गरम मसाला' में उनके रोल आज भी याद किए जाते हैं. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही वे नई फिल्मों में नजर आएंगे और पुरानी मुश्किलें पीछे छूट जाएंगी.