200 से ज्यादा फिल्में और करोड़ों की नेटवर्थ, फिर भी राजपाल यादव 9 करोड़ का कर्ज क्यों नहीं चुका पाए? यहां जानें इनसाइड स्टोरी
200 से ज्यादा फिल्में और करोड़ों में कमाई होने के बावजूद राजपाल यादव अपना 9 करोड़ का कर्ज क्यों नहीं चुका पाए. यह सवाल हर किसी के मन में चल रहा है. चलिए जानते हैं आखिर इसके पीछे की क्या वजह रही?
मुंबई: बॉलीवुड के चहीते कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों तिहाड़ जेल में हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में उन्हें 5 फरवरी 2026 को सरेंडर करना पड़ा. इंडस्ट्री के बड़े सितारे जैसे सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और कई अन्य उनकी मदद के लिए आगे आए हैं. कुछ ने पैसे दिए, कुछ ने काम ऑफर किया. लेकिन एक बड़ा सवाल सबके मन में है – 27 साल के करियर, 200 से ज्यादा फिल्में और करोड़ों की कमाई के बावजूद राजपाल ने यह कर्ज खुद क्यों नहीं चुकाया?
राजपाल यादव क्यों नही चुका पाए कर्ज?
राजपाल यादव ने 1999 में फिल्म 'दिल क्या करें' से डेब्यू किया. तब से वे कभी काम से बाहर नहीं रहे. उन्होंने मुंबई में शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा था कि 1997 में मुंबई पहुंचने के बाद उन्हें लगातार ऑफर मिलते रहे. 'चुप चुपके', 'भूल भुलैया', 'फिर हेरा फेरी' जैसी हिट फिल्मों में उनके कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें घर-घर पहुंचाया. हाल की रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 2-3 सालों में उनकी आखिरी 5 फिल्मों से ही 7-8 करोड़ रुपये की कमाई हुई.
कटहल – 1 करोड़
ड्रीम गर्ल 2 – 1 करोड़
भूल भुलैया 3 – 2-3 करोड़
चंदू चैंपियन – 2 करोड़
बेबी जॉन – 1 करोड़
फिर भी कर्ज क्यों नहीं चुकाया?
असल वजह 2010 में शुरू हुई. राजपाल ने अपनी पहली डायरेक्टेड फिल्म 'अता पता लापता' बनाने के लिए दिल्ली के एक बिजनेसमैन (मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया. राजपाल का कहना है कि यह लोन नहीं, बल्कि इन्वेस्टमेंट था, क्योंकि बिजनेसमैन अपने पोते को एक्टर बनाना चाहता था. लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई. कोई कमाई नहीं हुई, घाटा हुआ और लोन चुकाना मुश्किल हो गया. समय के साथ ब्याज, पेनल्टी और कानूनी खर्चों से रकम बढ़कर 9 करोड़ हो गई.
'मेरे पास पैसे नहीं हैं, कोई रास्ता नहीं दिखता'
राजपाल ने कई बार कोर्ट में समय मांगा, कुछ पैसे जमा किए (जैसे 2025 में 75 लाख), लेकिन पूरी राशि नहीं चुका पाए. कोर्ट ने कई बार मोहलत दी, लेकिन आखिर में दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा कि गंभीरता की कमी है और सरेंडर करें. राजपाल ने भावुक होकर कहा था, 'मेरे पास पैसे नहीं हैं, कोई रास्ता नहीं दिखता.' सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी है कि इंडस्ट्री में कैरेक्टर एक्टर्स को कम पेमेंट मिलता है. स्टार्स करोड़ों लेते हैं, लेकिन सपोर्टिंग आर्टिस्ट्स को कम फीस पर लॉक कर लिया जाता है.
राजपाल की फीस भी 1-3 करोड़ के बीच रहती है, जो बड़े हीरोज की तुलना में बहुत कम है. अब इंडस्ट्री का साथ मिल रहा है. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि मदद से पैसे इकट्ठा हो रहे हैं. आज यानी 12 फरवरी को बेल हियरिंग में क्या फैसला होता है, यह देखना बाकी है.