राजपाल यादव को जेल या बेल! 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, जानें क्या कुछ कहा?
कॉमेडियन राजपाल यादव 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में कानूनी मुश्किलों में हैं. दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान उन्हें 25 मौके देने के बावजूद भुगतान न करने पर फटकार लगाई है.
मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव पिछले कुछ समय कानूनी विवाद में घिर हुए हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी जमानत पर सुनवाई चल रही है. अदालत ने सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें 25 से ज्यादा मौके दिए गए, लेकिन आदेश की अवहेलना की गई. दिल्ली हाईकोर्ट ने पूछा कि जब उन्होंने खुद कर्ज लेने की बात स्वीकार की और भुगतान का आश्वासन दिया था, तो अब सजा पर रोक क्यों चाहते हैं. कोर्ट ने कहा कि सजा सुनाए जाने के बाद उसे टालने की कोशिश क्यों की जा रही है.
राजपाल के वकील ने दलील दी कि उन्होंने हमेशा सेटलमेंट की कोशिश की है और 3 करोड़ से ज्यादा की रकम पहले ही चुका दी गई है. उन्होंने कहा कि याचिकाकर्ता को करीब 2.10 करोड़ रुपये और जमा करने हैं और वे सिक्योरिटी के तौर पर राशि जमा करने को तैयार हैं. कोर्ट ने टिप्पणी की कि 25 से 30 मौके दिए गए.
किस मामले में कानूनी पचड़े में पड़े राजपाल यादव?
यह पूरा विवाद 2012 में रिलीज हुई फिल्म अता पता लापता से जुड़ा है. फिल्म का निर्देशन खुद राजपाल यादव ने किया था और उनकी पत्नी इसकी प्रोड्यूसर थीं. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही. बताया जाता है कि 2010 में फिल्म के निर्माण के लिए दिल्ली के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया गया था. समय पर भुगतान न होने और ब्याज जुड़ने के कारण यह राशि बढ़कर करीब 9 करोड़ रुपये हो गई. 2018 में मामला कानूनी रूप से आगे बढ़ा और राजपाल व उनकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज हुआ. वह पहले भी इस मामले में दो बार जेल जा चुके हैं.
फिल्म इंडस्ट्री का मिला साथ
मुश्किल दौर में कई फिल्मी हस्तियों ने उनका साथ दिया है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, सोनू सूद और अन्य नामों के सहयोग की खबरें सामने आई हैं. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज ने भी मदद की अपील की है. राजपाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर से पहले भावुक बयान दिया था कि उनके पास रकम जुटाने के साधन सीमित हैं. इस बयान के बाद फैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया.
और पढ़ें
- यश की टॉक्सिक पर नया विवाद! क्रिश्चियन ग्रुप ने CBFC में की शिकायत, टीजर पर उठे धार्मिक सवाल
- 'समाज के एक वर्ग को अपानित मत कीजिए', सुप्रीम कोर्ट ने 'घूसखोर पंडित' के मेकर्स को लगाई 'क्लास', टाइटल बदलने के दिए निर्देश
- 200 से ज्यादा फिल्में और करोड़ों की नेटवर्थ, फिर भी राजपाल यादव 9 करोड़ का कर्ज क्यों नहीं चुका पाए? यहां जानें इनसाइड स्टोरी