menu-icon
India Daily

जेल में बंद राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए 'भूल भुलैया' डायरेक्टर प्रियदर्शन, जानें क्या किया ऑफर?

चेक बाउंस केस में जेल में बंद मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव को अब निर्देशक प्रियदर्शन ने बड़ा सहारा दिया है. उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म में राजपाल को उनकी सामान्य फीस से ज्यादा पेमेंट देने का फैसला किया है.

antima
Edited By: Antima Pal
जेल में बंद राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए 'भूल भुलैया' डायरेक्टर प्रियदर्शन, जानें क्या किया ऑफर?
Courtesy: x

मुंबई: प्रियदर्शन राजपाल यादव के मुश्किल समय में उनके साथ खड़े हो गए हैं. चेक बाउंस केस में जेल में बंद मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव को अब निर्देशक प्रियदर्शन ने बड़ा सहारा दिया है. उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म में राजपाल को उनकी सामान्य फीस से ज्यादा पेमेंट देने का फैसला किया है. यह मदद राजपाल की वित्तीय परेशानियों को देखते हुए की जा रही है.

जेल में बंद राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आए डायरेक्टर

राजपाल यादव फिलहाल दिल्ली के तिहाड़ जेल में हैं. यह मामला 2010 का है, जब उन्होंने अपनी निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए दिल्ली की एक कंपनी से 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, जिससे लोन चुकाने में असमर्थ रहे. बाद में चेक दिए गए, लेकिन वे बाउंस हो गए. ब्याज और पेनल्टी के साथ अब बकाया राशि लगभग 9 करोड़ रुपये हो गई है.

अब तक 2.5 करोड़ रुपये एक्टर कर चुके जमा

कोर्ट ने हाल ही में उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई, जिसके बाद वे सरेंडर कर चुके हैं. उनके वकील ने बताया कि उन्होंने अब तक 2.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं और और पैसे देने को तैयार हैं, लेकिन कोर्ट ने बेल याचिका पर फैसला स्थगित कर दिया है.

इन सेलेब्स ने भी बढ़ाया मदद का हाथ

बॉलीवुड में राजपाल के दोस्तों ने उनका साथ दिया है. सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद, वरुण धवन जैसे कई सितारों ने आर्थिक मदद की. अब प्रियदर्शन ने भी आगे बढ़कर मदद का हाथ बढ़ाया. एक इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा- 'मैं राजपाल को 20 साल से ज्यादा समय से जानता हूं. पहली बार उन्हें 'जंगल' (2000) में देखा था, उनकी एक्टिंग से हैरान हुआ. मेरी पहली फिल्म उनके साथ 'मलामाल वीकली' (2006) थी. उसके बाद ज्यादातर मेरी फिल्मों में काम किया. मैंने उन्हें ऐड फिल्मों में भी पुश किया.'

उन्होंने आगे कहा- 'उनकी समस्या मुझे पहले से पता थी. इसलिए मैं उन्हें हर फिल्म में साइन करता रहा. अब मेरी अगली फिल्म (जुबिली फिल्म्स प्रोडक्शन) में राजपाल विलेन का रोल निभा रहे हैं. मैंने प्रोड्यूसर्स से कहा कि उनकी सिचुएशन को देखते हुए उन्हें उनकी मांग से ज्यादा पेमेंट दें. हम उन्हें बचाना चाहते हैं. प्रोड्यूसर्स ने सहमति दे दी है.'

प्रियदर्शन ने राजपाल को 'अच्छा इंसान' बताया और कहा, "गरीब आदमी ने अपनी कम पढ़ाई की वजह से गलती की." फिल्म में पंकज त्रिपाठी भी हैं और यह कॉमेडी होगी. प्रियदर्शन और राजपाल की जोड़ी पहले भी 'भागम भाग', 'चुप चुप के', 'दे दना दन' जैसी हिट फिल्मों में काम कर चुकी है.